
हवाई उडानों के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करेगी एमपी सरकार (Photo Source - Patrika AI Grok)
MP Air Flights : देश में हवाई सेवाओं के विस्तार के लिए लगातार काम चल रहे हैं। इसके लिए केंद्र ने 28840 करोड़ का प्रोजेक्ट बनाया है। केंद्र के इस प्लान से एमपी भी संवरेगा। इसके अंतर्गत राज्य सरकार इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करेगी। अब सिंगरौली और रतलाम हवाई पट्टी को एयरपोर्ट के रूप में विकसित करने की तैयारी भी की जा रही है। इसके लिए राज्य सरकार ने प्रस्ताव तैयार कर लिया है। यह प्रस्ताव केन्द्र को भेजा जाएगा। संशोधित उड़ान योजना के लिए दिल्ली में आज एमओयू साइन किया जाएगा।
मध्यप्रदेश सरकार ने प्रदेश में हवाई सेवाएं बढ़ाने के लिए नई एविएशन पॉलिसी 2025 लागू की है। इसके तहत नई घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू करने वाले ऑपरेटर्स को सरकार इंसेंटिव और वायबिलिटी गैप फंडिंग कर रही है। घरेलू उड़ानों के लिए 750 किमी तक की उड़ान के लिए प्रति किमी 1000 रुपए और अधिकतम 7.5 लाख रुपए तक दिया जा रहा है। 750 किमी से अधिक दूरी के लिए यह राशि अधिकतम 10 लाख रुपए तक होगी।
अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए 1000 किमी तक एक हजार रुपए प्रति किमी और अधिकतम 10 लाख प्रति राउंड ट्रिप और एक हजार किमी से अधिक के लिए अधिकतम 15 लाख रुपए तक वीजीएफ का भुगतान किया जाएगा। सरकारी सहायता 6 महीने के लिए दी जाएगी, हालांकि परफॉर्मेंस के आधार पर सरकार इसे 6 माह और बढ़ाने पर भी विचार कर सकेगी।
केन्द्र सरकार ने संशोधित उड़ान योजना के तहत 120 नए स्थानों को हवाई नेटवर्क से जोडऩे की योजना बनाई है। 2026-27 से 2035-36 तक 28 हजार 840 करोड़ रुपयों का प्रावधान किया गया है। इससे इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जाएगा। संशोधित उड़ान योजना से एमपी खासा लाभान्वित होगा।
केन्द्र की क्षेत्रीय हवाई संपर्क बढ़ाने के लिए संचालित संशोधित उड़ान योजना के लिए भी मप्र सरकार केन्द्र सरकार से मंगलवार को नई दिल्ली में एमओयू करेगी। यह 10 साल तक सहयोग के लिए होगा। इसके तहत केन्द्र सरकार से मप्र को 100 करोड़ की सहायता मिलेगी। राज्य एयरपोर्ट के लिए नि:शुल्क जमीन देगा। इसलिए सरकार मौजूदा हवाई पट्टियों जहां उद्योग, पर्यटन के चलते हवाई यात्रा की संभावना है, उनको एयरपोर्ट में तब्दील करने की योजना है। सिंगरौली और रतलाम उद्योगों के चलते प्राथमिकता में है।
वर्तमान में प्रदेश में 8 कमर्शियल एयरपोर्ट हैं। इंदौर, भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर, रीवा, सतना, खजुराहो और दतिया में एयरपोर्ट हैं। उज्जैन और शिवपुरी में एयरपोर्ट बनाने का काम जारी है। हालांकि नियमित उड़ानें केवल 6 से ही चल रही हैं। सभी एयरपोर्ट से उड़ानें शुरू करने के लिए एविएशन विभाग ने कंपनियों से प्रस्ताव मांगे हैं। इसके साथ 20 एयर स्ट्रिप हैं, जहां छोटे विमानों की आवाजाही संभव है।
मध्यप्रदेश के एयरपोर्ट पर यात्री सेवा अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट की टीम द्वारा PRM, दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिक यात्रियों के लिए उपलब्ध सुगम्यता एवं सहायता सुविधाओं की व्यापक समीक्षा की गई।
Updated on:
22 Sept 2026 11:07 am
Published on:
22 Sept 2026 10:48 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
