
रिजल्ट देख रोने लगी छात्रा (प्रतिकात्मक फोटो) Photo Source: AI Image
Bhopal news: मध्यप्रदेश के भोपाल शहर में बरकतउल्ला यूनिवर्सिटी (बीयू) के रिजल्ट में गुजरात एजेंसी की लापरवाही अब छात्रों के लिए मानसिक परेशानी का कारण बन गई है। रिजल्ट में गड़बड़ी की शिकायत लेकर विश्वविद्यालय पहुंच रही छात्राओं और छात्रों की स्थिति देखकर अधिकारियों के सामने भी असहज स्थिति बन गई। बीते दिन एक छात्रा अपना रिजल्ट लेकर विश्वविद्यालय पहुंची। फेल होने की जानकारी पर वह फर्श पर ही बैठकर रोने लगी। उसने अधिकारियों से कहा- मैं आज तक कभी फेल नहीं हुई। मेरे पापा खुद टीचर है, मैं उन्हें क्या बताऊंगी कि फेल हो गई हूं।
अधिकारियों ने छात्रा की ओएमआर शीट की जांच कराई तो स्थिति उलट निकली। ओएमआर के अनुसार छात्रा पास थी, लेकिन एजेंसी द्वारा तैयार किए गए रिजल्ट में उसे पास नहीं किया गया था। जांच में ऐसे और भी मामलों के सामने आने की बात कही जा रही है। अधिकारियों के अनुसार अब तक 10 हजार शिकायतें आ चुकी है।
रिजल्ट में गड़बड़ी का एक और चौंकाने वाला मामला यह है कि जिन विद्यार्थियों को पास होने के लिए निर्धारित अंक या ग्रेड की जरूरत थी, उनमें भी गलत परिणाम दर्ज हो गए। कुछ मामलों में आठ नंबर वाले विद्यार्थियों को भी सप्लीमेंट्री दे दी गई, जबकि यह छात्र फेल हैं। विषय में पास होने के लिए कम से कम 20 ग्रेड की आवश्यकता बताई जा रही है।
विश्वविद्यालय से जुड़े सूत्रों के अनुसार जारी रिजल्ट में करीब 30 प्रतिशत तक परिणामों में किसी न किसी तरह की गड़बड़ी सामने आई है। अब अधिकारी विद्यार्थियों की शिकायतों और रिजल्ट शीट का मिलान कर संशोधन में जुटे हैं। ओएमआर, रिजल्ट शीट और एजेंसी द्वारा तैयार किए गए डेटा का मिलान किया जा रहा है, ताकि वास्तविक अंक के आधार पर परिणाम सुधारा जा सके।
इसी तरह बीएएलएलबी प्रथम वर्ष के जिस विद्यार्थी को 54 नंबर मिले थे। उसकी डिजिटल अंकसूची में 4 अंक प्रिंट गए। छात्रा ने जब कॉपी देखी तक रिजल्ट में सुधार किया गया।
कुछ छात्रों के रिजल्ट में गड़बड़ी सामने आई है। रिजल्ट चैक कराया जा रहा है। जिन अंकसूचियों में त्रुटियां सामने आ रही हैं, उन्हें विश्वविद्यालय स्तर पर तत्काल ठीक कराया जा रहा है। - प्रो. समर बहादुर सिंह, रजिस्ट्रार, बरकतउल्ला यूनिवर्सिटी
Updated on:
23 Aug 2026 12:21 pm
Published on:
23 Aug 2026 12:18 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
