
उज्बेकिस्तान के नोदिरबेक ने उठाई भोपाल इंटरनेशनल ग्रेंड मास्टर की ट्रॉफी
भोपाल. शहर में खेली जा रही भोपाल इंटरनेशनल ग्रेंड मास्टर शतरंज प्रतियोगिता का खिताब उज्बेकस्तान के नोदिरबेक ने जीता। फाइनल में उन्होंने भारत के ग्रेंड मास्टर एमआर वेंकटेश को ड्रॉ खिलाते हुए टाईब्रेक के आधार पर खिताब जीता। अंतिम राउंड में 6 खिलाड़ी 8 अंक बनाने में सफल रहे। ऐसे में रैंकिंग टाईब्रेक से तय हुई। नोदिरबेक टाईब्रेक अंकों में 65 अंक लेकर पहले स्थान पर रहे।
साथ ही 2 लाख रुपए और ट्रॉफी अपने नाम की। भारत के एमआर वेंकटेश 62.5 टाईब्रेक अंक से दूसरे स्थान पर रहे, उन्हें 1 लाख 50 हजार का पुरस्कार दिया गया। 62 टाईब्रेक अंकों के साथ इंडोनेशिया के तहर योसेफ तीसरे स्थान पर रहे, उन्हें 1 लाख रुपए मिले। 61.5 टाईब्रेक अंकों के साथ वियतनाम के नुज्ञेन ने चौंथा स्थान और 75000 रुपए जीते। 60.5 टाईब्रेक अंकों के साथ उक्रेन के एडम तुखेव पांचवे स्थान पर रहे। इस प्रतियोगिता में 14 लाख 14 हजार के पुरस्कार दिए गए। पुरस्कार वितरण केंद्रीय खेल सचिव राधेश्याम जुलानिया ने किया।
रोमांचक रहा मुकाबला
पहले बोर्ड पर खिताबी जंग बेहद जोरदार हुई। सफेद मोहरो से खेलते हुए भारत के एमआर वेंकटेश ने सिसिलियन रोजोलिमो में दबाव बनाने की कोशिश की। लेकिन उजबेकस्तान के नोदिरबेक ने उन्हें बढ़त बनाने का कोई मौका नहीं दिया और 77 चालों में खेल ड्रॉ पर समाप्त किया। दोनों ही 8 अंक पर पहुंचे गए।
अश्विन भोपाल के बेहतरीन खिलाड़ी
सबसे वृद्ध खिलाड़ी का पुरस्कार भोपाल के बीएस गुलारिया ने अपने नाम किया। सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी हरियाणा की इशवी अग्रवाल रहीं। मध्यप्रदेश के शीर्ष खिलाड़ी शिवांश तिवारी रहे। अश्विन डेनियल को भोपाल के सबसे बेहतरीन खिलाड़ी के पुरस्कार से नवाजा गया।
Updated on:
29 Dec 2019 10:26 am
Published on:
29 Dec 2019 10:26 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
