
New Transfer Policy
MP News: स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग में तबादलों(Transfer) के लिए अब ऑनलाइन प्रक्रिया अपनाई जाएगी। इसके लिए विभाग ने मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली मॉड्यूल (ई-एचआरएमएस) तैयार कराया है। यह मॉड्यूल मध्यप्रदेश स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन ने बनाया है। नई तबादला नीति(New Transfer Policy) आने के बाद इसे उसके अनुरूप अपडेट करने के बाद शुरू किया जाएगा। इसमें विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों को आवेदन करने के लिए कहीं जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। वे मॉड्यूल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। विभाग में अभी 45 हजार से अधिक अधिकारी-कर्मचारी हैं, उन्हें लाभ मिल सकेगा।
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने बुधवार को मंत्रालय में ई-एचआरएमएस की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मॉड्यूल मध्यप्रदेश सरकार की नई स्थानांतरण(Transfer) नीति के सिद्धांतों एवं प्राथमिकताओं के अनुरूप हो। उन्होंने कहा कि स्थानांतरण नीति का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करते हुए प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और निष्पक्ष बनाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मॉड्यूल में सभी आवश्यक मापदंडों का समावेश इस तरह से किया जाए कि किसी भी कर्मचारी को अनावश्यक कठिनाई का सामना न करना पड़े।
ये भी पढें - मई में इन कॉलोनियों पर चलेगा बुलडोजर, लिस्ट तैयार
प्रदेश में कर्मचारियों के स्थानांतरण पर लागू प्रतिबंध अगले संभवत: 1 से 30 मई के बीच हटाया जाएगा। डिप्टी सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इसी समयावधि को ध्यान में रखते हुए ई-एचआरएमएस मॉड्यूल की अंतिम टेस्टिंग पूरी करें।ताकि प्रतिबंध हटते ही स्थानांतरण प्रक्रिया बिना किसी बाधा के सुगमता और पारदर्शिता के साथ संचालित की जा सके। उप मुयख्मंत्री ने कहा कि मॉड्यूल से तबादलों की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता आएगी और कर्मचारियों को भी परेशानी नहीं होगी। बैठक में आयुक्त स्वास्थ्य तरुण राठी, विभागीय अधिकारी, एमपीएसईडीसी के तकनीकी टीम के सदस्य मौजूद थे।
Updated on:
24 Apr 2025, 11:06 AM IST
Published on:
24 Apr 2025, 11:05 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.