
प्रवीण सावरकर
भोपाल. कोरोना के नए वैरिएंट ने अब लोगों को चिंता में डाल दिया है। नए वैरिएंट की अटकलों के बीच सबसे अधिक चिंता उन लोगों को है, जिनके घर शादी सहित बड़े आयोजन होना है, क्योकि इन दिनों शादियों के मुहूर्त चल भी रहे हैं।
दिसम्बर, जनवरी में जिन लोगों के यहां शादी होने वाली है, वे काफी चिंतित हैं। कई लोग मुहूर्तों को लेकर भी पंडितों से पूछताछ कर रहे हैं, लेकिन अधिकांश लोग अब आयोजन टालने के मूड में नहीं है। उनका कहना है कि स्थिति को देखते हुए सीमित संख्या में मेहमान बुलाकर ही आयोजन किए जाएंगे।
इस माह 8 शुभ मुहूर्त, खरमास में लगेगा विराम
दिसंबर में लग्न के 8 शुभ मुहूर्त हैं। शहर में एक दिन के शुभ मुहूर्त में 400 से 500, जबकि विशेष शुभ मुहूर्त में 700 से अधिक शादियां होती हैं। आठ मुहूर्तों में करीब 4 हजार शादियां होंगी।
पंडित बोले: यजमान कर रहे पूछताछ
विवाह मुहूर्तों को पंडितों से भी कई यजमान पूछ परख कर रहे हैं। ब्रह्म ज्योतिष संस्थान के पं. जगदीश शर्मा ने बताया कि दिसंबर-जनवरी के मुहूर्तों में कई यजमानों के विवाह कार्यक्रम तय हैं। कई लोग संपर्क भी कर रहे हैं और पूछताछ कर रहे हैं, लेकिन शादी आगे बढ़ाने जैसी स्थिति पर चर्चा नहीं है। पं. जितेंद्र शर्मा ने बताया कि कुछ लोग शादी आगे बढ़ाने के लिए भी पहल कर रहे हैं। खजूरी कला के एक यजमान ने संपर्क किया है और वे आगे का मुहूर्त मांग रहे हैं।
दोनों डोज लगा चुके कर्मचारियों से ही करवाएं काम
भोपाल टेंट लाइट कैटरर्स एसोसिएशन के चेयरमैन रिंकू भटेजा ने सभी टेंट व्यवसायियों से कहा है कि वे प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए कार्य करंे। वैक्सीन के दोनों डोज लगाए हुए कर्मचारियों से ही कार्य करवाएं।
शादियों में कम करेंगे मेहमानों की संख्या
सोनागिरी निवासी दिलीप गुप्ता ने बताया कि बेटे की शादी 11 दिसंबर को गुजराती समाज भवन में है। परिस्थितियों को देखते हुए कम लोगों को ही बुलाया जाएगा। वहीं, अशोका गार्डन निवासी लेखराम धाकड़ ने बताया कि बेटे की बारात सिवनी जा रही है। पहले डेढ़ हजार लोगों के हिसाब से कार्यक्रम तय किया था, अब 200 से 300 के हिसाब से तय करेंगे।
Updated on:
1 Dec 2021, 1:44 PM IST
Published on:
1 Dec 2021, 1:44 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.