
ट्रक, टैंकरों की हड़ताल के कारण पेट्रोल की किल्लत हो गई है।
एमपी में बस, ट्रक, टैंकर चालकों की हड़ताल चल रही है। प्रदेश में नए हिट एंड रन कानून के विरोध में ड्राइवरों ने सोमवार को स्टेयरिंग लॉक कर दी। बसों की हड़ताल के कारण जहां यात्री परेशान हो रहे हैं वहीं ट्रक, टैंकरों की हड़ताल के कारण पेट्रोल की किल्लत हो गई है।
प्रदेशभर में पेट्रोल, डीजल के लिए वाहन चालक परेशान हो रहे हैं। राजधानी भोपाल सहित इंदौर, उज्जैन, गुना, शाजापुर आदि जगहों पर पेट्रोल पंपों पर जबर्दस्त भीड़ लगी है, कई जगहों पर पुलिस के साए में पेट्रोल का वितरण किया जा रहा है।
कई जगहों पर तो पेट्रोल पंप बंद हो गए हैं। खंडवा में कुछ पंपों पर जहां बिक्री चल रही है वहां दो पहिया वाहनों की लंबी कतार लगी है। पुलिस वेलफेयर पेट्रोल पंप तो बंद कर दिया गया है। यहां दोपहर में ही पेट्रोल की बिक्री बंद कर दी गई।
राज्य में कई जगहों पर भरे हुए पेट्रोल टेंकरों को रोका जा रहा है। कई जगहों पर पथराव किया गया जिसके बाद पुलिस ने भी लाठीचार्ज किया। भोपाल के बैरागढ़ और करोंद में पुलिस को भेजा गया जबकि कलेक्टर ने एसडीएम और खाद्य विभाग के अफसरों को भी पेट्राल पंपों और डिपो की सुरक्षा का जिम्मा दिया है।
इस बीच राज्य के प्रमुख सचिव ने जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारियों से ऑनलाइन बात की। प्रमुख सचिव ने सभी जिलों में पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता की समीक्षा की। इसके साथ ही पेट्रोल डीजल के स्टॉक की जानकारी भी बुलाई गई है।
इधर भोपाल में भी टैंकरों के 200 से ज्यादा ड्राइवर हड़ताल पर चले गए हैं जिससे दिक्कत आ रही है। हड़ताल के कारण खाली टेंकर भौंरी और बकानिया ऑयल डिपो पर खड़े हैं।
Published on:
1 Jan 2024, 3:36 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.