17 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

पुलिस ने ढहाया गुंडों के ‘रौब’ का आशियाना

तीन गुंडों के अवैध कब्जों पर चला बुल्डोजर। आर्थिक रूप से कमर तोडऩे में जुटी पुलिस
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भोपाल

•

image

KRISHNAKANT SHUKLA

•

Updated: 23 Mar 2018, 4:32 PM IST

houses

Police action, Encroachment removed

भोपाल। राजधानी में अपराधिक रौब के दम पर किसी शरीफ शख्स के खाली प्लॉट, सरकारी जमीन पर आशियाना बनाने वाले गुंडों के खिलाफ पुलिस का बुलडोजर अभियान गुरुवार को भी जारी रहा। बजरिया पुलिस ने गुरुवार दोपहर इलाके के कुख्यात तीन गुंडों के अवैध कब्जे देखते ही देखते ढहा दिए।

आपराधिक वारदातों को अंजाम देकर इन गुंडों ने दूसरों के निजी प्लॉट, सरकारी जमीन पर मकान बना रखा था। इतना ही नहीं गुंडों ने मोहल्ले में बच्चों के खेलने के मैदान पर भी कब्जा कर लोगों को अपने नाम की प्रॉपर्टी दिखाने जाली दस्तावेज तैयार कर रखा था। पुलिस बुलडोजर अभियान के जरिए गुंडों की आर्थिक रूप से कमर तोडऩे की कोशिश में जुटी है।

इन गुंडों का ढहाया कब्जा

शोएब अन्ना - मेडिकल स्टोर संचालक की पुस्तैनी जमीन पर बना दिया घर
बजरिया इलाके का कुख्यात बदमाश। 28 संगीन अपराध। मारपीट के मामले में फरार। मेडिकल स्टोर संचालक अब्दुल कलीम की पुश्तैनी जमीन पर चार माह पहले रंगदारी दिखाकर खुद का घर (करीब एक हजार वर्गफीट) बना लिया। अब्दुल ने विरोध किया तो खत्म करने की धमकी दी।

हालही में अब्दुल ने बजरिया टीआई डीपी सिंह से शिकायत की। पुलिस ने गुरुवार को नगर निगम अमले के साथ मिलकर शोएब अन्ना का मकान ढहा दिया। वह दूसरी मंजिल बनाने की तैयारी में था। इससे पहले पुलिस ने मकान तोड़ दिया। वह कई झुग्गी बनाकर किराए से दे रखा है।

सोहेल पंचर - घर के सामने आम रास्ते पर कर रखा था कब्जा

बजरिया इलाके का बदमाश है। इस पर 10 संगीन अपराध हैं। अभी फरार है। आरोपी ने बजरिया इलाके में अपने घर के सामने रास्ता बंद कर कब्जा जमा लिया था। वहां अपने वाहन रखता था। पुलिस ने गुरुवार को उसका कब्जा हटाया।

गुफरान अली - खेल के मैदान पर मकान बनाने के लिए खड़े कर दिए थे पिलर

अड़ीबाजी-मारपीट के आठ अपराध हैं। बजरिया इलाके हाजी मुस्तफा की चाल में बच्चों के खेलने के लिए खाली पड़े मैदान पर मकान बनाने पिलर खड़े कर लिए थे। लोगों ने खेल मैदान पर मकान बनाने का विरोध किया तो आरोपी ने जाली दस्तावेज दिखाकर खुद की जमीन बताई।

मोहल्लेवासियों ने इसकी शिकायत हाल ही में पुलिस से की थी। पुलिस ने जमीन के दस्तावेज निकाले तो खुलासा हुआ कि जमीन सार्वजनिक उपयोग की है। गुरुवार को पुलिस ने मैदान में तैयार पीलर तोड़ दिए।

सीएम बोले : प्रदेश में बदमाशों को चैन से नहीं रहने दूंगा...

प्रदेश में माताओं-बहनों को किसी से डरने की जरूरत नहीं है। जो गुंडागर्दी और बेइमानी करेगा, उसको ठीक करना हमारा काम है। इन दिनों बेटियां बिना भय के गुंडों की धुनाई कर रही हैं। यह बात गुरुवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शहर में आयोजित एक कार्यक्रम में कही।

राजधानी में बढ़ रही छेड़छाड़ की घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि राजधानी सहित पूरे प्रदेश में गुण्डों की धुलाई का काम जारी है। बदमाशों को मैं चैन से नहीं रहने दूंगा, उनकी अवैध संपत्ति को जमींदोज किया जाएगा। अगर बदमाशों को चैन से रहना है तो उन्हें गुंण्डागर्दी और बेइमानी छोडऩी होगी।

उन्होंने कहा कि हमने पुलिस में 33 प्रतिशत आरक्षण महिलाओं के लिए दिया है, ताकि महिलाओं के हाथ में डंडा देखकर बदमाशों की हिम्मत आंख उठाने की न हो।

गुंडों के खिलाफ आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस, नगर निगम गुंडे-बदमाशों की अवैध संपत्ति को चिन्हित कर कार्रवाई कर रही है।

-धर्मेन्द्र चौधरी, डीआईजी