
धर्म संवाद पर सियासत : कमलनाथ बोले- BJP का भगवा पर ठेका है क्या ? भाजपा का पलटवार- कांग्रेस चुनावी हिंदू
मध्य प्रदेश के लिए ये चुनावी साल है, ऐसे में जनता के बीच पेठ बनाने के लिए सभी राजनीतिक दल अपने अपने स्तर पर तैयारी कर रही है। इसी कड़ी में कांग्रेस भी अब सॉफ्ट हिंदुत्व की तरफ चल पड़ी है। आपको बता दें कि, रविवार को राजधानी भोपाल में स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में धर्म संवाद का कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इसके लिए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने मंदिर पुजारी प्रकोष्ठ की बैठक बुलाई है, जिसमें प्रदेशभर के मठ, मंदिरों के पुजारी और धर्माचार्य शामिल हो रहे हैं। खास बात ये है कि, इसके लिए पीसीसी दफ्तर को भगवा रंग के झंडों से सजाया गया है। इधर कांग्रेस कार्यलय पर भगवा झंडे चढ़े तो कांग्रेस और बीजेपी के बीच जुबानी जंग भी शुरु हो गई।
धर्म संवाद पर बीजेपी के सवाल उठाने पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि, भगवा रंग पर क्या सिर्फ बीजेपी के पास ही ट्रेडमार्क है ? क्या भाजपा ने भगवा का ठेका ले रखा है ? हमने हिंदू धर्म का ठेका ले रखा है, कांग्रेस धर्म को राजनीति में नहीं लाती, हम सब में धर्म के प्रति आस्था है। हम जब मंदिर जाते हैं तो भाजपा के पेट में क्यों दर्द होने लगता है ? कांग्रेस दफ्तर पर भगवा झंडे लगाने से भाजपा को दर्द क्यों होने लगा है। उन्होंने कहा कि, कांग्रेस दफ्तर में भगवा ध्वज अच्छे लग रहे हैं।
भाजपा बोली- कांग्रेस चुनावी हिंदू
पीसीसी कार्यालय पर भगवा रंग के झंडों वाली तस्वीरों सामने आने के बाद भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस पर तंज कसते हुए उन्हें चुनावी हिंदू बताया है। भाजपा के प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल ने इसपर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि, कांग्रेस चुनावी हिंदू है। भगवाधारी तो कालनेमि भी था, लेकिन भक्त हनुमान ने तत्काल उन्हें पहचान लिया था। देश के भक्त कालनेमि रूपी कांग्रेस को पहचानते हैं। कांग्रेस ने भगवाधारी संतों पर अत्याचार करने वालों को संरक्षण दिया है। भगवाधारियों पर जब भी अत्याचार होते हैं तो कांग्रेस के होंठ सिल जाते हैं।
Published on:
02 Apr 2023 04:06 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
