
,,,,
भोपाल. यात्रियों की मांग को देखते हुए भारतीय रेलवे ने एक बार फिर 'रामायण यात्रा' कराने वाली भारत गौरव पर्यटक ट्रेन को संचालन करने का फैसला लिया है। 24 अगस्त से दिल्ली के सफदरगंज रेलवे स्टेशन से रामायण यात्रा पर ये पर्यटक ट्रेन रवाना होगी। इस बार यात्रा को और भी अधिक और सुगम बनाने के लिए ट्रेन यात्रा को अयोध्या और वाराणसी में एक रात्रि का विश्राम दिया जाएगा जिसके कारण अब ट्रेन का पूरा सफर 18 की बजाय 20 दिनों में पूरा होगा।
24 अगस्त से फिर शुरु होगी 'रामायण यात्रा'
भगवान राम की जन्मस्थली अयोध्या से लेकर जनकपुर तक की यात्रा कराने वाली भारत गौरव पर्यटक ट्रेन एक बार फिर से 24 अगस्त से शुरु हो रही है। इस बार सफदरगंज से शुरु होने वाला सफर 18 की जगह 20 दिनों का होगा। इस ट्रेन के जरिए यात्रियों को अयोध्या, जनकपुर, सीतामढ़ी, काशी, प्रयागराज, चित्रकूट, नासिक, हम्पी, रामेश्वरम, कांचीपुरम और भद्राचलम के दर्शन कराए जाएंगे। भारत गौरव पूरी तरह से एसी ट्रेन है जिसमें एसी तृतीय श्रेणी के कुल 10 कोच यात्रियों के लिए होंगे और कुल 600 यात्री यात्रा कर सकेंगे।
73 हजार 500 रुपए है किराया
अयोध्या से जनकपुरी के बीच की यात्रा ट्रेन के जरिए 20 दिनों में पूरी होगी। इसके लिए प्रति व्यक्ति को 73 हजार 500 रुपए किराया चुकाना होगा। IRCTC से बुकिंग करने पर 15% का डिस्काउंट दिया जाएगा। ट्रेन में पैन्ट्री कोच की सुविधा होगी, जिससे पर्यटकों को शाकाहारी भोजन परोसा जाएगा। साथ ही इन्फोटेन्मेंट सिस्टम, सीसीटीवी कैमरा, सिक्युरिटी गार्ड इत्यादि की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई जाएगी। यात्री ट्रेन किराए का भुगतान डेबिट/क्रेडिट कार्ड के माध्यम से आसान किश्तों में भी कर सकते हैं। 3 महीने से लेकर 24 महीने की किश्तों के विकल्प भी दिए गए है। अधिक जानकारी के लिए यात्री आईआरसीटीसी की वेबसाइट https://www.irctctourism.com पर जा सकते हैं।
Updated on:
18 Aug 2022, 3:53 PM IST
Published on:
18 Aug 2022, 3:53 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.