भोपालः मध्य प्रदेश में जैसे जैसे विधानसभा चुनाव की तारीखें नज़दीक आती जा रही हैं, वैसे वैसे यहां राजनीतिक सरगर्मी बढ़ती जा रही है। एक तरफ जहां, भाजपा ने चुनाव के लिए अपनी कमर कस ली है, तो वहीं प्रदेश का मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस भी दिन ब दिन जमकर प्रहार करके प्रदेश से भाजपा की कुर्सी हिलाने के लिए ऐड़ी चोटी का ज़ोर लगा रही है। इसी कड़ी में अब समाजवादी पार्टी भी पूरे दमखम के साथ प्रदेश में चुनावी मोड में आ गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव शनिवार को मध्य प्रदेश दौरे पर पहुंच रहे हैं। इस दौरान अखिलेश यादव विंध्य के शहडोल जिले से चुनावी बिगुल फूंकेंगे। माना जा रहा है कि, इस इलाके में भाजपा और कांग्रेस दोनो की ही पकड़ कमज़ोर हुई है, इसी का लाभ उठाते हुए सपा अपना चुनावी शंखनाद यहां से शुरु करने जा रही है।