
शिवराज ने पूर्व सीएम के पैर धोते का वीडियो किया शेयर, लिखा- ऐसा व्यक्तित्व सदियों में पैदा होता है
भोपाल. मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश के पहले गैर कांग्रेसी सीएम और भाजपा के कद्दावर नेता कैलाश जोशी के निधन पर एक लेख लिखा है। इसके साथ ही उन्होंने अपने ट्विटर पर एक वीडियो पोस्ट किया है जिसेम वो कैलाश जोशी के पैर धो रहे हैं। शिवराज सिंह चौहान ने लिखा- मध्यप्रदेश की राजनीति को नई दिशा देने वाले, निर्धन और कमजोर की आवाज़, विनम्र व मृदुभाषी राजनेता, पूर्व मुख्यमंत्री श्रद्धेय कैलाश जोशी के अवसान के साथ ही एक युग का अंत हो गया।
आज मध्यप्रदेश ने अपने एक अनमोल रत्न को खो दिया है। गरीबों, वंचितों के उत्थान और कल्याण के लिए अपना संपूर्ण जीवन होम कर देने वाले श्रद्धेय कैलाश जोशी जी सदैव मध्य प्रदेश की जनता के दिलों में रहेंगे। मैं मध्यप्रदेश के लाल के चरणों में श्रद्धा के सुमन अर्पित करता हूं! आदरणीय जोशी जी ने सदैव संत भाव से जनता की सेवा की। उन्होंने अपने और अपने परिवार के बारे में कभी कुछ नहीं सोचा।
जोशी जी के चरणों में पूरे प्रदेश की श्रद्धा थी, वह राजनीतिक संत थे, उनके जैसा व्यक्तित्व सदियों में पैदा होता है। सदैव ढोंग और आडंबर से दूर रहकर भारतीय जनसंघ और भारतीय जनता पार्टी का इतना बड़ा संगठन श्रद्धेय कैलाश जोशी जी ने खड़ा किया। एक कुशल संगठक के रूप में, एक चिंतक और मनीषी के रूप में और जब जरूरत पड़ी तो संघर्ष करके उन्होंने जनता की सेवा की। अपनी मधुर वाणी से सहज ही लोगों का ह्रदय जीत लेने वाले, राजनीति के अजातशत्रु, आदरणीय स्व. कैलाश जोशी के अद्वितीय प्रशासकीय गुणों के सभी प्रशंसक थे।
हम सब उनके सपनों के गौरवशाली, वैभवशाली और समर्थ मध्यप्रदेश के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध हैं। वह आज भले ही हमारे बीच सशरीर मौजूद नहीं हैं, लेकिन अपने विचारों के माध्यम से वह सदैव हमारे बीच रहेंगे और हम उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए मध्य प्रदेश के नव निर्माण के लिए अनवरत, अविराम प्रयास करते रहेंगे। उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि भी यही होगी कि हम सब निर्धनों, वंचितों और कमजोर वर्ग के कल्याण एवं उत्थान के लिए संकल्प लें और उस संकल्प को पूरा करें। राजनीतिक शुचिता के प्रतीक, कुशल संगठक, प्रशासक आदरणीय जोशी जी के चरणों में कोटि-कोटि प्रणाम। अपने मृदु व्यवहार और ओजस्वी विचारों के माध्यम से प्रकाश पुंज की भांति आप सदैव हमारे दिलों में दैदीप्यमान रहेंगे। विनम्र श्रद्धांजलि।
Published on:
25 Nov 2019 10:04 am
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
