
temperature
भोपाल. पश्चिम की ओर से आ रहीं गर्म हवाओं ने पूरे प्रदेश को चपेट में ले लिया है। शनिवार को रिकॉर्ड 22 शहरों में तापमान 40 डिग्री से ऊपर रहा। सर्वाधिक 44.5 डिग्री तापमान खरगोन में दर्ज हुआ। मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य का 70% हिस्सा लू की चपेट में है।
अगले 24 घंटे लू का प्रकोप जारी रहने का अनुमान है। मौसम विशेषज्ञ एसके नायक ने बताया कि जलवायु परिवर्तन और विकसित अल नीनो के संयुक्त प्रभाव से 2019 अब तक का सबसे गर्म साल हो सकता है। हीटवेव ने मध्यप्रदेश को अपनी पकड़ में लेना शुरू कर दिया है।
अगले चार दिन हीटवेव का असर
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, बंगाल की खाड़ी और अरब सागर सहित गुजरात, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र में विपरीत हवा का चक्रवात बना है। 4.5 किमी के ऊपर पश्चिमी हवाओं के फ्लो देखे जा रहे हैं। इसलिए मध्य प्रदेश में अगले 4 दिन हीटवेव का असर रहेगा।
टूटे रिकॉर्ड, 13 शहरों में पारा 40 के पार
मार्च ने जाते-जाते गर्मी के तेवर दिखा दिए। शुक्रवार को प्रदेश के 13 शहरों में पारा 40 डिग्री के ऊपर रहा। खरगोन में 45 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने इस पर संशय जाहिर करते हुए कहा कि वहां तापमापी यंत्र को लगाने में मानकों का पालन नहीं किया गया, जिससे तापमान ज्यादा दर्ज किया गया। वहीं, भोपाल में पारा 40 डिग्री पर पहुंच गया। मौसम विशेषज्ञ एके शुक्ला के अनुसार, 24 घंटे तापमान ऐसा ही रहने का अनुमान है।
पश्चिमी हवाओं से चढ़ा पारा
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार राजस्थान और गुजरात से आ रहीं पश्चिमी गर्म हवाओं ने पश्चिमी मप्र को चपेट में ले लिया है। विभाग के अनुसार शुक्रवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक था। जबकि न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य तापमान से एक डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।
Published on:
31 Mar 2019 02:58 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
