
Ratlam Congress Fake News
भोपाल @अरुण तिवारी की रिपोर्ट...
प्रदेश में 15 साल से सत्ता का वनवास भोग रही कांग्रेस को फिर से खड़ा करने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की कोशिशों को ही पार्टी तवज्जो नहीं दे रही। राहुल ने लोगों से सीधा जुडऩे के लिए शक्ति प्रोजेक्ट लांच किया, इस प्रोजेक्ट के जरिए लोगों को एक मोबाइल नंबर पर वोटर आईडी नंबर एसएमएस करवाना था, लेकिन इस प्रोग्राम से न तो कांग्रेसी जुड़ रहे हैं और न ही अन्य लोगों को जोड़ पा रहे हैं।
एक महीने में कांग्रेस इस प्रोग्राम से महज 20 हजार लोगों को ही जोड़ पाई है। वहीं 65 हजार बूथ पर तैनात करने के लिए कांग्रेस सिर्फ 15 हजार राजीव के सिपाही ही तलाश पाई है। चुनाव के समय इस धीमी गति और कांग्रेस के परफार्मेंस से संगठन नाराज है।
शक्ति प्रोजेक्ट में फिसड्डी मध्यप्रदेश कांग्रेस -
राहुल गांधी ने कांग्रेस के नेताओं,कार्यकर्ताओं और आम लोगों से सीधा संवाद स्थापित करने के लिए शक्ति प्रोग्राम शुरू किया। इसमें कांग्रेस नेताओं को मैसेज बॉक्स में अपने वोटर आईडी का नंबर टाइप कर राहुल गांधी के जारी किए गए गए मोबाइल नंबर पर भेजना है।
इस मैसेज के साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ता शक्ति प्रोग्राम से जुड़ जाएंगे यानी सीधे राहुल के संपर्क में आ जाएंगे। राहुल कभी भी इन लोगों से संपर्क कर सियासी हालातों पर चर्चा कर सकते हैं। इस प्रोग्राम को प्रदेश से लेकर जिला,शहर,ब्लॉक,वॉर्ड और बूथ स्तर तक चलाना है ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इससे जुड़ सकें,प्रदेश में ये प्रोग्राम 19 जुलाई को लांच किया गया था, एक माह बाद प्रदेश के कांग्रेस कार्यकर्ता शक्ति प्रोग्राम से महज 20 हजार लोगों को जोड़ पाए हैं।
नहीं मिल रहे राजीव के सिपाही -
कांग्रेस की प्रदेश आईटी सेल भी अब तक सिर्फ १५ हजार राजीव के सिपाही यानी सोशल मीडिया के बूथ समन्वयक तलाश पाई है। प्रदेश में 65 हजार बूथ हैं जिन पर कांग्रेस को एक-एक सोशल मीडिया प्रभारी तैनात करना है, भाजपा से मुकाबले के लिए कांग्रेस ने ये रणनीति तैयार की है लेकिन उसे अब तक सिर्फ 15 हजार कार्यकर्ता ही मिले हैं जिनकी अभी ट्रेनिंग होना बाकी है।
शक्ति प्रोग्राम के तहत लोगों को जोडऩे की निरंतर प्रक्रिया है, इसकी जिम्मेदारी अजिता वाजपेयी पांडे को दी गई है, चुनाव के पहले बड़ी संख्या में इससे हम लोगों को जोड़ लेंगे।
- नरेंद्र सलूजा प्रवक्ता,कांग्रेस,मप्र
अभी 15 हजार बूथ समन्वयकों का चयन कर लिया गया है जल्द ही इनकी ट्रेनिंग कर राजीव के सिपाही के रुप में बूथ पर तैनात कर देंगे, एक महीने में बाकी कार्यकर्ताओं की नियुक्ति भी हो जाएगी।
- धर्मेंद्र वाजपेयी प्रदेश अध्यक्ष,कांग्रेस आईटी सेल
Published on:
21 Aug 2018 01:36 pm
