(पत्रिका ब्यूरो,भुवनेश्वर): तितली चक्रवात के तटीय क्षेत्र में टकराने के बाद बारिश अभी तक थमी नहीं है। नदियां उफान पर हैं। ओडिशा में स्कूल कॉलेज आज भी बंद रहे। गंजम, गजपति, बालासोर में नदियों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। कटक और भुवनेश्वर के निचली सतह वाले क्षेत्रों में जलभराव की नौबत आ गई है। बाढ़ का पानी गंजाम जिले भंजनगर के बंसालुंडी, जामापल्ली, गामुंडी क्षेत्र जलमग्न है। बेगुनिया, तांगी व जटनी रेलवे स्टेशन के पास खोरदा में भी पानी घुस रहा है। आंध्र के श्रीकाकुलम व विजयनगरम तटवर्ती इलाके में आठ लोगों के बह जाने की खबर की पुष्टि हुई है। ओडिशा के गजपति जिले में भी जनहानि की रिपोर्ट है। ओडिशा सरकार का दावा है कि यहां मौत की कोई खबर नहीं है। उधर गंजम में 6 लोगों के बह जाने की सूचना है। हालांकि सरकार ने इसे खारिज किया पर जिला कलक्टर कहते हैं कि सर्च आपरेशन जारी है।