
बिजनौर. नजीबाबाद-हरिद्वार रोड पर ट्रक व बाइक की आमने-सामने की टक्कर में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जबकि बाइक पर सवार एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई है। राहगीरों की सूचना के बाद मौके पर पहुंची डायल-112 पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बिजनौर भेज दिया है। जबकि गंभीर रूप से घायल बच्ची को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि बिजनौर किरतपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला शाहनवाज देहरादून में नौकरी करता था। शाहनवाज को अपनी बुआ की लड़की को लेकर उसे रास्ते में पड़ने वाले सहानपुर घर छोड़ते हुए देहरादून जाना था। दोनों बाइक पर सवार होकर निकले ही थे कि नजीबाबाद-हरिद्वार रोड पर सामने से आ रहे ट्रक और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में शाहनवाज की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बच्ची उजमा सड़क के किनारे जा गिरी। सड़क किनारे गिरने से बच्ची को गंभीर चोट आई है। रोड से गुजर रहे राहगीरों ने हादसे सूचना डायल-112 को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने सबसे पहले बच्ची को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। इसके बाद मृतक शाहनवाज के शव को जिला अस्पताल पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया।
वहीं, मृतक के पिता ने ट्रक ड्राइवर के खिलाफ हत्या की तहरीर देते हुए थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने घटनास्थल से ट्रक को बरामद कर लिया है और ट्रक ड्राइवर की तलाश में जुट गई है। नजीबाबाद थाने के एसआई राजवीर शर्मा ने बताया कि शाहनवाज देहरादून में काम करता था। वह अपनी बुआ की लड़की को सहानपुर घर छोड़ने के लिए निकला था। वहां से उसे देहरादून के लिए निकलना था। साहनपुर के करीब ही मृतक हादसे का शिकार हो गया, जिसमें मृतक की मौत हो गई है और उसकी बुआ की लड़की गंभीर रूप से घायल हुई है।
Published on:
5 Jun 2020, 12:00 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.