
criminal
बीकानेर. गैंगस्टर आनंदपाल सिंह के सबसे नजदीकी गुर्गे तेजपाल को उपचार के लिए मंगलवार तड़के बीकानेर के पीबीएम अस्पताल के ट्रोमा सेंटर में भर्ती कराया गया। तेजपाल सड़क हादसे में घायल होने पर चूरू के राजकीय डीबी अस्पताल में फर्जी नाम से भर्ती हुआ था, वहां से उसे बीकानेर रेफर किया गया था। तेजपाल की सुरक्षा के लिए यहां हथियारबंद जवान तैनात किए गए हैं। इसमें चूरू के १० सशस्त्र गार्ड हैं, जिनमें पांच कमांडो हैं। वहीं बीकानेर पुलिस के पांच सशस्त्र गार्ड तैनात किए गए हैं।
एएसपी सिटी पवनकुमार मीणा ने बताया कि हार्डकोर अपराधीर तेजपाल निगरानी के लिए सशस्त्र गार्ड के साथ सादा वर्दी में जवानों को तैनात किया गया है। ट्रोमा सेंटर को सुरक्षा घेरे में लिया गया है। एहतिहात के तौर पर पूरे घटनाक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई जा रही है। ट्रोमा सेंटर प्रभारी डॉ. बीएल खजोटिया ने बताया कि तेजपाल के एक पैर में गंभीर चोट है, उसके कूल्हे में भी दिक्कत है। बुधवार को उसका सीटी स्केन कराया जाएगा। इसके बाद ही आगे के इलाज के बारे में विचार-विमर्श किया जाएगा।
आनंदपाल के साथ की कई वारदात
तेजपाल कुख्यात बदमाश आनंदपाल सिंह के साथ कई वारदातों में शामिल रहा है। आईपीएस केशरसिंह शेखावत के अनुसार आरोपित ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि आनंदपाल को फरार करने में उसने अहम भूमिका निभाई थी। तेजपाल का सोमवार को चूरू में एक्स-रे व सीटी स्केन करवाया गया था। उसके पैर में फ्रेक्चर है। वह घायल होने के बाद फर्जी नाम राजवीर से अस्पताल में भर्ती हुआ था, लेकिन मामला संदिग्ध लगने पर अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी। बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। तेजपाल पर एटीएस की ओर से ५१ हजार रुपए का इनाम घोषित है।
यूं आया पकड़ में
तेजपाल बाइक लेकर नोहर जा रहा था। वहां किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में था। इस बीच वह सड़क हादसे में घायल हो गया और अस्पताल में भर्ती हो गया। आरोपित के पास से एक पिस्टल, 18 जिंदा कारतूस, एक चाकू, कपड़े व सेविंग का सामान मिला है। चूरू पुलिस के मुताबिक तेजपाल के पास मिली पिस्टल नोहर के आबकारी कार्यालय से चोरी हुई बताई जा रही है। इसका नोहर थाने में मामला भी दर्ज है।
कोर्ट ने न्यायिक हिरासत में भेजा, इलाज के लिए रेफर
तेजपाल को चूरू पुलिस ने कड़ी सुरक्षा के बीच सोमवार शाम न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। बाद में उसकी गंभीर चोटों को देखते हुए उसे इलाज के लिए बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में रेफर कर दिया। इससे पहले
चूरू अस्पताल में आरोपित की निगरानी में तीन थानाधिकारियों के अलावा ३० शस्त्रधारी जवान तैनात कर रखे थे।
Published on:
16 May 2018 02:08 pm
बड़ी खबरें
View Allबीकानेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
