
नगर निगम
बीकानेर . नगर निगम की साधारण सभा बुधवार को सुबह 11 निगम के गांधी म्यूनिसिपल हॉल में होगी। बैठक के एजेंडे में 11 बिन्दूओं को शामिल किया गया है। हालांकि पार्षदों ने दीपावली नजदीक होने के चलते शहर की रोशनी और सफाई व्यवस्था को बैठक में प्रमुखता से रखने की तैयारी की है।
साधारण सभा से पहले ही मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के पार्षद दो धड़ों में बंटे नजर आए। एक धड़े की बैठक जहां नगर निगम परिसर स्थित उप महापौर कक्ष में हुई वहीं दूसरे धड़े की बैठक महापौर की अध्यक्षता में स्टेशन रोड स्थित एक होटल में हुई। दोनों ही धड़ों की बैठक में बुधवार को होने वाली साधारण सभा को लेकर तैयारी की गई व रणनीति तय की गई।
सभा से पहले दो स्थानों पर हुई बैठक राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी रही। सदन में बहुमत होने के बावजूद महापौर अपनी ही पार्टी के पार्षदों के दो धड़ों में बंटे होने से विपक्ष के हमलों के साथ-साथ अपनी ही पार्टी के पार्षदों के तीखे सवालों से रूबरू हो सकते हैं। वहीं सभी भाजपा पार्षद एकराय होकर किसी प्रस्ताव पर साथ खड़े होंगे, इस पर भी संशय लग रहा है।
ये रहे उपस्थित
भाजपा पार्षदों की नगर निगम परिसर में हुई बैठक में उप महापौर अशोक आचार्य, भगवती प्रसाद गौड, राजेन्द्र कुमार शर्मा, श्याम सुन्दर चाण्डक, प्रेम रतन जोशी, दिनेश उपाध्याय, अजय सिंह राजपुरोहित, मोहम्मद ताहिर सहित पार्षद प्रतिनिधि पंकज गहलोत, शम्भू गहलोत, मधुसूदन शर्मा, श्रवण गोदारा, महेन्द्र सिंह आदि उपस्थित रहे।
वहीं स्टेशन रोड स्थित होटल में हुई बैठक में महापौर नारायण चौपड़ा, राजा सेवग, दाऊलाल सेवग, राजेन्द्र पंवार, शिव कुमार रंगा, रामचन्द्र सोनी, कृष्णा कंवर, सुरेश बारिया, विनोद धवल सहित पार्षद प्रतिनिधि हेतराम सियाग, दीपेश तथा ओम सिंह आदि उपस्थित रहे।
कांग्रेस उठाएगी समस्याएं
साधारण सभा के दौरान कांग्रेस पार्षदों की ओर से शहर की बेपटरी हुई सफाई तथा प्रकाश व्यवस्था सहित आवारा पशुओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा। नेता प्रतिपक्ष जावेद पडि़हार के अनुसार शहर के ठप विकास कार्यो पर चर्चा की जाएगी।
दीपावली पर शहर में सफाई तथा प्रकाश व्यवस्था को लेकर महापौर के उठाए कदमों के बारे में पूछा जाएगा। गत बैठक की कार्रवाई रिपोर्ट आज तक नहीं मिलने का कारण महापौर से पूछा जाएगा। कांग्रेस पार्षद आमजन की समस्याओं को पुरजोर तरीके से रखेंगे।
सफाई-एलईडी मुद्दा
सभा में दीपावली को देखते हुए सफाई तथा उचित प्रकाश व्यवस्था को लेकर एलईडी के मुद्दे चर्चा का अहम हिस्सा रहेंगे। इस बात के संकेत विपक्ष कांग्रेस सहित निगम परिसर में भाजपा पार्षदों के एक धड़े की हुई बैठक में सामने आए।
बैठक का एजेंडा
साधारण सभा में अमृत योजना
के अन्तर्गत शिवबाड़ी जोन में
सीवरेज लाइन के कार्य आदेश
का अनुमोदन।
एलईडी लगाने के एमओयू का अनुमोदन एवं स्विच वायर क्रय
करने एवं लगाने के अतिरिक्त कार्य का अनुमोदन।
अग्निशमन सुरक्षा एवं मेला प्रदर्शनी आदि में उपलब्ध करवाई जाने वाली सेवाओं के लिए शुल्क पुर्ननिर्धारण।
वध गृह नियंत्रण उप विधिया के तहत वध शुल्क 200 रुपए प्रति पशु पर शुल्क निर्धारण पर पुर्नविचार।
मृत आश्रित अनुकम्पा नियुक्ति के तहत कनिष्ठ लिपिकों, फायरमैनों आदि को दी नियुक्ति का अनुमोदन।
शहीद मेजर थॉमस की प्रतिमा
लगाने के लिए प्राप्त आवेदन पर विचार विमर्श।
महर्षि पाराशर और ब्रिगेडियर बाघ सिंह तंवर दाऊदसर के नाम पर
मार्ग के नामाकरण पर विचार।
एसटीपी प्लांट की 314 बीघा भूमि (बल्लभ गार्डन) पर स्लेज वाटर नीलामी ठेका का अनुमोदन।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत शहर को ओडीएफ करने की कार्रवाई
पर विचार विमर्श।
निगम की विभिन्न समितियों में पारित प्रस्तावों के क्रियान्वयन पर विचार विमर्श।
निराश्रिम गौवंश के लिए गौशाला निर्माण पर विचार विमर्श।
Published on:
11 Oct 2017 09:59 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
