23 मार्च 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अंग्रेजी माध्यम सरकारी स्कूल : अभिभावकों का रुझान, स्टाफ अच्छा, संसाधनों में फिसड्डी

राज्य सरकार की तरफ से बीकानेर के मुरलीधर व्यास नगर, श्रीगंगानगर में हरिजन बस्ती और हनुमानगढ़ में कैनाल कॉलोनी हनुमानगढ़ जंक्शन में एक-एक महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम स्कूल शुरू किया गया है। ये वही स्कूल हैं जिनमें पहले नामांकन के लिए हर वर्ष अध्यापकों को मारामारी करनी पड़ती थी, लेकिन फिर भी नामांकन का लक्ष्य अधूरा ही रहता था। अब अंग्रेजी माध्यम होने के बाद इन स्कूलों में प्रवेश के लिए विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों का रुझान जबरदस्त नजर आया। बीकानेर में बच्चों के इतने आवेदन आए कि एक सेक्शन बढ़ाना पड़ा। श्रीगंगानगर में भी कक्षा एक से पांच तक आवेदन सीट की क्षमता से ज्यादा आए तो कक्षा छह से आठ में कम आए हैं। हनुमानगढ़ में भी लक्ष्य से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। स्कूलों में स्टाफ भी जिले भर के अध्यापकों में से साक्षात्कार के बाद लगाया गया है। विद्यार्थियों के रुझान और पूर्ण स्टाफ के बाद भी स्कूलों में संसाधनों का भरपूर अभाव नजर आ रहा है। इसी के साथ अंग्रेजी माध्यम विद्यालय की ड्रेस को लेकर अभी कोई निर्देश नहीं मिला है।

3 min read
Google source verification
शिक्षा के मंदिर में पहली प्रार्थना

शिक्षा के मंदिर में पहली प्रार्थना राज्य सरकार ने हाल ही में खोली महात्मा गांधी राजकीय अंग्रेजी माध्यम स्कूल एक जुलाई से बच्चो के लिए शुरू हो गए। सोमवार को बीकानेर की मुरलीधर व्यास कॉलोनी में पहले दिन बच्चों के तिलक लगाकर स्वागत करती प्राचार्या।

जमीन पर बैठकर पढ़ रहे विद्यार्थी
बीकानेर. इस सत्र से शुरू हुए जिले के एकमात्र महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, मुरलीधर व्यास नगर में एक सेक्शन बढऩे के साथ विद्यार्थियों की संख्या बढ़ गई है। इस विद्यालय में कुल 13 कक्षाकक्ष है, जिनमें 11 में कक्षाएं लगाई जा रही है। इन कक्षाओं में विद्यार्थियों के बैठने के लिए दी गई दरियां फटी हुई है। अधिकांश बच्चे जमीन पर बैठकर ही पढ़ रहे हैं। विद्यालय में सभी पदों को मिलाकर 19 का स्टाफ है। अंग्रेजी विद्यालय के लिए नए शिक्षकों के साक्षात्कार तो हुए हैं, लेकिन आदेश नहीं आने के कारण अभी पुराने शिक्षक ही अध्यापन करा रहे हैं। इस विद्यालय में अंग्रेजी माध्यम की कक्षा एक से आठ तक की कक्षाएं दोपहर 12.30 से 6 बजे तक लगेगी। इससे पहले सुबह 7 से 12 बजे तक कक्षा 9 से 12 तक की कक्षाएं लगती है। कक्षा एक से पांच तक में 30 से अधिक तथा कक्षा 6 से 8 तक में 35 सीटों पर आवेदन प्राप्त हुए थे। अंग्रेजी विद्यालय में पहले 255 सीटों पर प्रवेश मिला था, लेकिन अब सेक्शन बढऩे से 475 सीटों पर विद्यार्थियों को प्रवेश मिलेगा। विभागीय अधिकारियों के अनुसार निर्धारित तिथि तक आए आवेदनों में से ही बढ़ी हुई सीटों पर प्रवेश मिलेगा।


कक्षावार आवेदन की स्थिति

कक्षा आवेदन
पहली 61
दूसरी 64
तीसरी 45
चौथी 38
पांचवीं 51
छठी 47
सातवीं 44
आठवीं 35
कुल- 385

प्रस्ताव भेजा है
प्रधानाचार्य अमीना फातिमा ने बताया कि कक्षा पहली व दूसरी में बच्चों की संख्या 60 से ज्यादा है, इसलिए निदेशालय के अधिकारियों से बातचीत कर प्रस्ताव भेज दिए हैं। इनमें 60 से ज्यादा आवेदन करने वाले चार-पांच विद्यार्थियों को प्रवेश दिला सकें, अन्यथा यह चार-पांच विद्यार्थी प्रवेश से वंचित हो जाएंगे। इसके लिए अतिरिक्त कक्षा-कक्ष का प्रस्ताव भेज दिया है।
पहले दिन तिलक लगाकर स्वागत
महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय मुरलीधर व्यास कॉलोनी में सत्र के पहले दिन सोमवार को नए छात्रों के प्रवेश के साथ ही उनका स्कूल में तिलक लगाकर स्वागत किया गया और टॉफी वितरित की गई। इस दौरान प्रधानाचार्य अमीना फातिमा ने संस्कृत व अंग्रेजी में प्रार्थना करवार्ई। कक्षा छह से आठवीं तक के बच्चों को किताबें वितरित की गई। वहीं कक्षा एक से पांच की किताबें अभी तक स्कूल में नहीं आई है।

भवन नहीं प्र्याप्त, 12 कक्षाओं के लिए आठ कक्षा-कक्ष
श्रीगंगानगर. महात्मा गांधी इंग्लिश स्कूल श्रीगंगानगर में प्रधानाध्यापिका सहित 18 पदों पर नई नियुक्त के लिए साक्षात्कार हुए हैं। एक-दो दिन में स्टाफ की नियुक्ति हो जाएगी। साथ ही कक्षा नौ से 12वीं तक की कक्षाएं पहले की भांति इसी विद्यालय में चलती रहेंगी। बड़ी कक्षाओं के लिए तीन वरिष्ठ अध्यापक और व्याख्याता तथा पांच द्वितीय श्रेणी के नए शिक्षक नियुक्त हैं। विद्यार्थियों के लिए किताबें अभी आई नहीं है और विद्यार्थियों की संख्या के लिहाज से भवन पर्याप्त नहीं है। बारह कक्षाओं के लिए आठ कमरे हैं। ऐसे में नए भवन निर्माण की आवश्यकता है।


प्रवेश की स्थिति
कक्षा एक से पांच तक : 150 सीट, आवेदन आए 212
कक्षा छह से आठवीं तक : 105 सीट, आवेदन आए 79
कक्षा एक, चार और पांच में आवेदन अधिक आने पर एक-एक सेक्शन और स्वीकृत हुआ है। लेकिन चयन 27 जून तक आए आवेदन पत्रों के हिसाब से किया जाएगा। विद्यालय पूर्व में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, हरिजन बस्ती के नाम से संचालित था। इसमें पूर्व में 350 विद्यार्थी अध्ययनरत थे।


प्रचार प्रसार के अभाव में आवेदन देरी से आए
हनुमानगढ़. राउप्रावि कैनाल कॉलोनी हनुमानगढ़ जंक्शन को महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय अंग्रेजी माध्यम में परिवर्तित किया गया है। इस विद्यालय में गत सत्र में 105 विद्यार्थी नामांकित थे। अंग्रेजी माध्यम बनाने के बाद 116 सीटों पर प्रवेश दिया जा चुका है। लेकिन प्रचार प्रसार के अभाव में अभिभावक आवेदन की अंतिम तिथि २७ जून तक आवेदन नहीं कर सके। ऐसे में अभी तक यहां आवेदन आने का सिलसिला जारी है। यहां 255 सीटों के लिए 300 के करीब आवेदन अभी तक आ चुके हैं। विद्यालय में 27 जून के बाद मिले आवेदनों से शेष 139 सीट भरने की मंजूरी के लिए महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय अंग्रेजी माध्यम ने शिक्षा निदेशालय को मंजूरी के लिए पत्र लिखा है। इसी के साथ महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय अंग्रेजी माध्यम की ड्रेस को लेकर अभी कोई निर्देश नहीं मिला है।


भवन पर्याप्त
हनुमानगढ़ में महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय अंग्रेजी माध्यम जहां मंजूर किया गया है, वहां भवन पर्याप्त व अच्छी स्थिति में है। उस भवन का उपयोग पिछले चार साल से केन्द्रीय विद्यालय कर रहा है जो 15 अगस्त को अपने नवनिर्मित स्थाई भवन में शिफ्ट हो जाएगा। यहां का जो राउप्रावि था, वह समायोजन के तहत बंद प्राथमिक पाठशाला के खाली भवन में चल रहा था। अभी ढाई माह के लिए महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय अंग्रेजी माध्यम का संचालन उसी परिसर में होगा। जहां स्थाई रूप से उसको संचालित किया जाना है। वहां कक्ष पर्याप्त संख्या में है।


पुस्तकें पहुंची, स्टाफ भी पूरा
महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय अंग्रेजी माध्यम में स्टाफ की नियुक्ति हो चुकी है। प्रधानाचार्य सहित कुल 23 का स्टाफ है। इसमें छह वरिष्ठ अध्यापक, दो लेवल द्वितीय के शिक्षक व पांच लेवल प्रथम के शिक्षक हैं। इसके अलावा एक शाशि, एक पुस्तकालयाध्यक्ष, एक कम्प्यूटर शिक्षक, एक एलडीसी, एक यूडीसी, एक प्रयोगशाला सहायक व तीन चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं। हालांकि साक्षात्कार में चतुर्थ श्रेणी पद के लिए कोई नहीं आया। इसलिए शिक्षा विभाग के अन्य कार्यालयों से चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी प्रतिनियुक्ति पर सीधे ही लगाए जाएंगे। प्रधानाचार्य गुरजीत बराड़ ने बताया कि विद्यालय में मंजूर सीटों के अनुरूप पुस्तकें विद्यालय को प्राप्त हो चुकी हैं।