
बीकानेर . महाराष्ट्र के रत्नागिरी से बीकानेर आ रहे एक व्यक्ति को ट्रेन में कुछ लोग बहोश कर उसके पास से नकदी, सोने की चेन व सामान ले गए। पीडि़त ने बीकानेर पहुंचने पर जीआरपी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। मुरलीधर व्यास कॉलोनी निवासी अशोक कुमार गौड़ (६३) १३ मई को ट्रेन संख्या १६३१२ के कोच एस-४ में रतनागिरी से यात्रा कर बीकानेर आ रहे थे।
ट्रेन रवाना होने के बाद अपनी ४१ नंबर सीट पर पहुंचे तो वहां पहले से पांच-छह व्यक्ति बैठे हुए थे। उन्होंने बताया कि वे दिल्ली में रेडीमेड गारमेंट्स का काम करते हैं। ट्रेन में पैंट्रीकार के सेल्समैन अशोक को खाने का ऑर्डर दिया, लेकिन वह काफी देर तक खाना नहीं लाया। बाद में वह खाना लेकर आया तो उसका भुगतान सीट पर बैठे लोगों ने कर दिया और कहा कि सुबह ले लेंगे। उसके बाद वे खाना खाकर सो गए।
आंख खुली तो सामान गायब
पीडि़त अशोक ने बताया कि सीट पर बैठे लोगों ने उसे कुछ सुंघा दिया, जिससे वह अचेत हो गया। सुबह आंख खुली तो आरोपित उसके बैग से एक लाख ९० हजार रुपए, मेलबोर्न सिगरेट के २० पैकेट, २२ ग्राम सोने की चेन, पेंट की जेब से छह हजार रुपए, पैन कार्ड, आधार कार्ड, पासपोर्ट, तीन मोबाइल व अन्य कीमती सामान ले गए।
स्टाफ ने नहीं की सुनवाई
सुबह आंख खुली तो ट्रेन में टीटीई को वारदात के बारे में बताया, लेकिन उन्होंने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। बाद में जोधपुर मैसेज किया, तब ऑन ड्यूटी स्टाफ ने सहयोग किया। उसके बाद बीकानेर आकर जीआरपी थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दी।
पालनपुर भिजवाई एफआईआर
घटना पालनपुर के पास की है। ऐसे में बिना नंबरी एफआईआर दर्ज कर पालनपुर जीआरपी को भिजवा दी है।
मूलसिंह, एसएचओ जीआरपी
Published on:
16 May 2018, 12:10 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.