25 अगस्त 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

संभाग के सबसे बड़े पीबीएम अस्पताल में सुरक्षा करने वालों से ही बन रहा असुरक्षा का माहौल

संभाग के सबसे बड़े पीबीएम अस्पताल में सुरक्षा करने वाले ही असुरक्षा का माहौल बना रहे हैं। ऐसे एक नहीं कई मामले सामने आ चुके हैं।
2 min read
Google source verification
PBM hospital

पीबीएम अस्पताल

बीकानेर . संभाग के सबसे बड़े पीबीएम अस्पताल में सुरक्षा करने वाले ही असुरक्षा का माहौल बना रहे हैं। ऐसे एक नहीं कई मामले सामने आ चुके हैं। सोमवार की रात को पीबीएम के कैंसर अस्पताल के पास बने सखी सेंटर के नजदीक तैनात एक होमगार्ड जवान बसंत कुमार ने शर्मसार करने वाली घटना को अंजाम दिया और सुरक्षाबलों पर ही प्रश्नचिन्ह लगवा दिया। होमगार्ड जवान पर आरोप है कि उसने एक महिला के साथ छेडख़ानी की।

जानकारी के अनुसार सोमवार रात करीब डेढ़ बजे कैंसर अस्पताल परिसर स्थित सखी सेंटर के पास एक महिला के साथ यहां तैनात होमगार्ड जवान बसंत कुमार ने छेड़छाड़ की, जिसका महिला ने विरोध किया। इससे वह बिफर गया और गाली-गलौज करने लगा। महिला ने जब वहां मौजूद अन्य लोगों से होमगार्ड की करतूत बताई तो लोग आक्रोशित हो गए और होमगार्ड की धुनाई कर डाली।

इसके बाद में पीबीएम पुलिस चौकी को हंगामे की सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक संदीप बिश्नोई एवं हैड कांस्टेबल विनोद मय स्टाफ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने होमगार्ड को शांतिभंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में महिला ने लिखित में कोई शिकायत नहीं की।

पुलिसकर्मी बताकर जमाया रौब
घटनास्थल पर मौजूद लोगों के मुताबिक होमगार्ड जवान बसंत स्वयं को पुलिसकर्मी बताकर महिला पर रौब जता रहा था। महिला से वह छेड़छाड़ करने लगा। लोगों ने उसकी धुनाई कर दी। सदर पुलिस के अनुसार बसंत के खिलाफ दो दिन पहले एक महिला ने लिखित शिकायत भी की थी।

शिकायत में बताया कि होमगार्ड जवान बसंत रात को बार-बार आता और कहता है कि आपके पैसे लगेंगे मैं जल्दी काम करवा दूंगा। बार-बार आकर परेशान करता है। सदर पुलिस को इसके खिलाफ काफी समय से शिकायत भी मिल रही थी। पुलिस इसकी जांच-पड़ताल कर ही रही थी कि सोमवार रात को यह नया बखेड़ा हो गया।

पहले भी हुई शिकायत
होमगार्ड जवान बसंत के खिलाफ पूर्व में भी कई बार शिकायतें हो चुकी है। १७ अप्रेल-२०१७ को गृह रक्षा प्रशिक्षण केन्द्र बीकानेर के कमांडेंट गजेन्द्रसिंह ने पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर शिकायत की थी कि होमगार्ड स्वयं सेवकों की पुलिस के साथ रात्रिगश्त व यातायात में ड्यूटी लगाई जाती है। यह थाना स्टाफ से मेलजोल कर बिना ड्यूटी थानों में घुमते रहते हैं। बसंत कुमार पीबीएम की सिक्युरिटी में ड्यूटी दे रहा है जबकि इसकी ड्यूटी लगाई ही नहीं गई थी।