बीकानेर/नाल। संभाग मुख्यालय से करीब बीस किलोमीटर दूर एक खेत में रविवार सुबह जमीन में तीन फीट व्यास का पचास फीट गहरा गड्ढ़ा हो गया। किसान ने इसकी सूचना पुलिस को दी। चने के खेत में बने इस रहस्मय गड्ढ़े को लेकर अभी तक पुख्ता तौर पर कुछ भी पता नहीं चला है। पास के खेत में भी इसी तरह जमीन धंसने के संकेत मिलने से रहस्य और ज्यादा गहरा गया है। पुलिस के साथ खान एवं भू-विज्ञान विभाग के वैज्ञानिक इस गुत्थी को सुलझाने में लगे है। फिलहाल गड्ढ़े में कोई गिर नहीं जाए, इसके लिए चारों तरफ झाड़ियां लगाकर सुरक्षा उपाय किए गए है।