29 अप्रैल 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

ट्रैन में बेवजह चेन पुलिंग करने वाले नहीं आ रहे बाज

बीकानेर मंडल में ऐसे 198 मामले बीते साल सामने आए, जिनमें लोगों ने बेवजह चेन खींची।

2 min read
Google source verification
chain pulling

रेल सम्पत्ति की चोरी करने वालों की तादाद में बीते साल में इजाफा हुआ है। रेलवे सुरक्षा बल बीकानेर मंडल ने बीते साल 31 दिसंबर तक ऐसे 21 मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें लोगों ने रेल की सम्पत्ति चुराई और कबाड़ी को बेच दी। इस तरह के प्रकरणों में 59 लोगों की गिरफ्तारी भी हुई है।

उनसे 1 लाख 91 हजार 622 रुपए की रेल सम्पत्ति बरामद भी की गई। इसमें ऐसे नौ लोगों को भी गिरफ्तार किया गया, जिन्होंने चोरी हुई रेल सम्पत्ति को खरीदा था। वहीं, वर्ष 2016 में रेल सम्पत्ति की चोरी के 14 मामले दर्ज किए गए थे, 41 लोगों को गिरफ्तार कर उनके 2 लाख 86 हजार 110 रुपए की रेल सम्पत्ति बरामद भी की गई थी।

198 ने की चेन पुलिंग
ट्रेन में बिना वजह चेन पुलिंग करने से भी लोग बाज नहीं आ रहे हैं। बीकानेर मंडल में ऐसे 198 मामले बीते साल सामने आए, जिनमें लोगों ने बेवजह चेन खींची। इससे अन्य यात्रियों को परेशानी हुई। इनके खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल ने एक्ट के तहत कार्रवाई की। वर्ष 2016 में बेवजह चेन पुलिंग के 183 मामले दर्ज किए गए।

हेल्पलाइन बनी सहारा
रेलवे सुरक्षा बल की ओर से यात्रियों की सुविधा के लिए शुरू की गई हेल्प लाइन 182 कारगर साबित हुई। वर्ष 2017 में दिसंबर तक में आरपीएफ ने हेल्प लाइन के माध्यम से यात्रियों के 73 बैग (सामान), 54 बच्चे, एक महिला, वृद्ध व मानसिक रोगियों को उनके परिजनों को सुर्पद किया गया।

टिकट दलालों पर नकेल
आरपीएफ ने बीते साल में अभियान में टिकटों की दलाली करने वाले पांच जनों को गिरफ्तार किया। वर्ष 2016 में चार लोगों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए थे।

इनके खिलाफ भी मामले दर्ज
अनाधिकृत रूप से रेल की पटरियां पार करने वालों के खिलाफ बीते साल आरपीएफ सख्ती से पेश आया। दिसंबर 31 तक 1825 मामले दर्ज किए। वहीं बीते वर्ष 2016 तक 1680 मामले दर्ज किए गए थे। इसके अलावा अनाधिकृत रूप से ट्रेनों में जाकर खान-पान की वस्तुएं बेचने वालों के खिलाफ वर्ष 2017 में 856 मामले दर्ज किए गए। वर्ष 2016 में इस तरह के786 मामले दर्ज किए गए थे।

इसके साथ ही स्टेशन व ट्रेनों में धूम्रपान करने वालों के खिलाफ बीते साल में 569 मामले दर्ज हुए। वर्ष 2016 में 544 ऐसे मामले दर्ज किए गए थे। उत्कृष्ट कार्य करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल ने 131 कार्मिक व अधिकारियों को सम्मानित किया।

मुस्तैद है आरपीएफ
रेल सम्पत्ति की चोरी, उसको नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हैं। आरपीएफ पूरी तरह से मुस्तैदी से काम कर रही है। फिर चाहे बेवजह चेन पुलिंग की बात हो या चोरी करने वालों की। यात्रियों को भी हेल्प लाइन 182 का उपयोग करना चाहिए।
डी.के.शुक्ला, मंडल सुरक्षा आयुक्त, बीकानेर