
कई हजार शिक्षा कर्मियों को अभी तक नहीं मिला पोस्टल बैलेट
बिलासपुर. 20 नवंबर को मतदान कराने के लिए ड्यूटी पर तैनात रहे शिक्षा विभाग के तमाम शिक्षक वोट नहीं दे पाए हैं। चुनाव आयोग ने कर्मचारियों को 10 दिसंबर तक डाक मतपत्र के माध्यम से वोट देने का अधिकार दिया है। लेकिन अभी तक अधिकांश शिक्षकों को पोस्टल बैलेट नहीं मिला है। अब शिक्षक चुनाव आयुक्त व जिला प्रशासन के अधिकारियों से गुहार लगा रहे हैं कि उन्हें जल्द से जल्द मतपत्र उपलब्ध कराएं ताकि वे लोकतंत्र के पर्व में वोट देने से वंचित न रहें।
क्षेत्र के कई हजार शिक्षक ड्यूटी चुनाव में लगाई गई थी। इनमें से लगभग 50 प्रतिशत कर्मचारियों के बताए गए घर के पते पर अभी भी पोस्टल बैलेट नहीं पहुंचे हैं। डाक मतपत्र से मतदान की अंतिम तारीख 10 दिसंबर है, लिहाजा जैसे-जैसे ये तारीख नजदीक आ रही है वैसे ही कर्मचारियों की चिंता बढ़ रही है कि कैसे वोट डाल पाएंगे।
मतपत्र केवल डाक से ही भेजे जाएंगे : डाक मतपत्र मिलने में हो रही लेट लतीफी के कारण चुनाव से वंचित कर्मचारी जिला प्रशासन व चुनाव अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं। कर्मचारियों ने प्रशासन से कहा है कि अभी जो भीमतपत्र डाक के माध्यम से भेजे जा रहे हैं उनकी संख्या काफी कम है। कर्मचारियों ने कहा है कि प्रशासन हैंड टू हैंड मतपत्र दे तो उन्हें समय पर पोस्टल बैलेट मिल सकता है और निर्धारित तारीख तक उनका मतपत्र पहुंच सकता है। वहीं अधिकारियों के अनुसार कर्मचारियों को डाक से ही पोस्टल बैलेट भेजे जा सकते हैं।
कांटे की टक्कर में डाक मतपत्र हो सकते हैं निर्णायक : बिलासपुर जिले की सातों विधानसभा सीटों पर कर्मचारियों के डाक मतपत्र निर्णायक हो सकते हैं। अधिकांश विधानसभा सीटों पर जकांछ गठबंधन, भाजपा, कांग्रेस में त्रिकोणीय संघर्ष है। कर्मचारियों की माने तो प्रदेश में करीब 1 लाख 60 हजार कर्मचारी डाक मतपत्र से वोट कर रहे हैं। एक-एक वोट कीमती है, जो प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करेगा।
पोस्टल बैलेट लेकर वोट दे सकते हैं : हमने जिला मुख्यालय स्थित चुनाव आयुक्त से आग्रह किया है कि ड्यूटी पर तैनात रहे शिक्षकों को जल्द पोस्टल बैलेट दें, ताकि कर्मचारी भी लोकतंत्र के पर्व में अपना योगदान दे सकें। डाक के माध्यम से जो मतपत्र आ रहे हैं उनकी संख्या काफी कम है, जिससे 10 दिसंबर के पहले तक वोट देना मुश्किल लग रहा है। शासन कोई जगह निर्धारित कर दे तो कर्मचारी वहां से पोस्टल बैलेट लेकर वोट दे सकते हैं।
अश्वनी कुर्रे, प्रदेश संयोजक सहायक शिक्षक फेडरेशन
जल्द ही सभी लोगों के पास पहुंच जाएंगे : मतदान के दिन ड्यूटी कर रहे शिक्षा कर्मचारियों के मतपत्र डाक के माध्यम से भेजे जा रहे हैं। कुछ कर्मचारियों के पास डाक मतपत्र पहुंच चुके हैं, जल्द ही सभी लोगों के पास पहुंच जाएंगे।
रामदत्त गौरहा, एपीसी आरएमएसए बिलासपुर
Published on:
25 Nov 2018 01:36 pm
बड़ी खबरें
View Allबिलासपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
