
प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर। (फोटो- AI)
Bilaspur police: बिलासपुर के उसलापुर निवासी एक एजेंसी संचालक ने अपने पूर्व मैनेजर पर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। संचालक के मुताबिक मैनेजर ऑफिस के सीसीटीवी कैमरे बंद कर देता था और काम के दौरान महिला कर्मचारियों से बातचीत करता रहता था। उसे काम पर ध्यान देने के लिए समझाने पर वह नाराज हो गया और निजी मामलों में दखल देने का आरोप लगाते हुए धमकी देने लगा। शिकायत पर सरकंडा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में पवन कालरा ने बताया कि वह पवन एजेंसी के संचालक हैं। रितेश कश्यप करीब चार साल से उनकी एजेंसी में मैनेजर के पद पर काम कर रहा था। रितेश कई बार ऑफिस के कैमरे बंद कर देता था। इसके अलावा वह ऑफिस में काम करने वाली महिला कर्मचारियों से काम छोड़कर बातचीत करता रहता था। पवन ने उसे कई बार ऑफिस के काम पर ध्यान देने के लिए समझाया था।
समझाने की बात को लेकर रितेश नाराज था। वह फोन पर पवन से गाली-गलौज करते हुए देख लेने की धमकी देने लगा। इसी मामले में पवन जब विजयापुरम सरकंडा में रितेश से मिलने पहुंचे तो वहां भी दोनों के बीच विवाद हुआ। रितेश ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। उसने आत्महत्या करने या झूठी शिकायत में फंसाने की धमकी देने के साथ चरित्र बदनाम करने की बात भी कही।
पवन ने पुलिस को बताया कि रितेश अपनी पत्नी का मोबाइल भी अपने पास रखता था। ऑफिस के काम के सिलसिले में उस नंबर पर बार-बार फोन करना पड़ता था। 14 सितंबर को रितेश को किसी दूसरी लडक़ी से शादी करते हुए देखा गया था। इस बात को लेकर भी रितेश ने धमकी दी कि इसकी जानकारी उसकी पहली पत्नी को होने पर वह पवन के परिवार को खत्म कर देगा।
Updated on:
22 Sept 2026 01:57 pm
Published on:
22 Sept 2026 01:56 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
