
,
मुंबई। अपनों के चले जाने का दर्द परिवार का सदस्य ही समझ सकता है। अपनों को खोने के गम में कई बार बॉलीवुड सेलेब्स भी सार्वजनिक रूप से इमोशनल होते देखे गए हैं। हालांकि सेलेब्स की पूरी कोशिश रहती है कि पब्लिक के सामने उनकी पर्सनल लाइफ से जुड़ी चीजें नहीं आएं, लेकिन कई बार दिमाग पर दिल हावी हो जाता है और न चाहते हुए भी सेलेब्स अपनी भावनाएं छिपा नहीं पाते हैं। आइए जानते हैं कौनसे सेलेब्स अपनों को याद कर नहीं रोक पाए आंसू—
करीना कपूर
करीना कपूर खान की दादी कृष्णा राज कपूर का निधन 87 साल की आयु में साल 2018 में हो गया था। जब कपूर परिवार के साथ करीना अपनी दादी की अंत्येष्ठि में पहुंची, तो अपने दर्द को काबू करने की कोशिश करती दिखीं। उन्होंने दिल के गुबार को दबाने का प्रयास तो किया, लेकिन नम आंखों ने गम बयां कर ही दिया। बताया जाता है कि कपूर परिवार के बच्चे उनके दादी को बहुत प्यार करते थे।
जान्हवी और खुशी कपूर
बॉलीवुड की दिग्ग्ज एक्ट्रेस श्रीदेवी का निधन फरवरी 2018 में हो गया था। उनके निधन के बाद बेटी जान्हवी की पहली फिल्म 'धड़क' रिलीज होने वाली थी। इसके ट्रेलर लॉन्च इवेंट में जान्हवी और उनकी बहन खुशी भी पहुंची। अपनी पहली फिल्म के ट्रेलर लॉन्च पर मां के साथ न होने की पीड़ा ने दोनों बहनों की आंखों में आंसू ला दिए। पहले जान्हवी बहन को सांत्वना देती नजर आईं और फिर खुद भी अपने आंसू कंट्रोल नहीं कर पाईं।
नीतू कपूर
बॉलीवुड अभिनेता ऋषि कपूर ने पिछले साल लॉकडाउन के दौरान इस दुनिया को अलविदा कह दिया था। उनकी पत्नी नीतू कपूर इस साल 'इंडियन आइडल' के ऋषि कपूर स्पेशल एपिसोड में शिरकत करने पहुंची। इस दौरान एक वीडियो क्लिप चलाई गई जिसमें जितेन्द्र, राकेश रोशन ने ऋषि को याद किया। ये देख नीतू अपने जज्बातों को काबू नहीं रख पाईं और उनके आंसू छलक पड़े। हालांकि इस एपिसोड के शुरू में ही नीतू ने सभी को आगाह किया था कि कोई भी इमोशनल होने की बात नहीं करेगा।
सुशांत सिंह राजपूत
दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मां का निधन 1992 में हो गया था। बताया जाता है कि सुशांत अपनी मां के बेहद करीब थे। उनकी मां भी उनसे बेहद प्यार करती थीं। 'झलक दिखला जा' सीजन 4 में सुशांत ने मां को श्रद्धांजलि दी थी। सुशांत ने स्टेज पर डांस कर मां को याद किया और प्रस्तुति खत्म होने पर इमोशनल हो गए। उनकी तब की गर्लफ्रेंड अंकिता लोखंडे ने उन्हें गले से लगाया लिया। मां के प्यार को याद कर सुशांत अपने आंसू नहीं रोक पाए। दुर्भाग्य से पिछले साल 14 जून को सुशांत अपने फ्लैट में मृत पाए गए।
रानी मुखर्जी
रानी मुखर्जी की शादी साल 2014 में आदित्य चोपड़ा से हुई। इससे पहले उन्होंने एक-दूसरे को डेट किया। इसी दौरान रानी आदित्य के घर हर छोटे-बड़े फंक्शन का हिस्सा होने लगीं थीं। एक तरह से वह इसी दौरान परिवार का हिस्सा बन चुकी थीं, लेकिन शादी आदित्य के पूर्व पत्नी से तलाक के 5 साल बाद की। शादी के एक साल पहले रानी ने आदित्य के पिता यश चोपड़ा के स्टेच्यू अनावरण कार्यक्रम में भाग लिया। यश चोपड़ा को याद करते हुए रानी इमोशनल हो गईं और आंसू नहीं रोक पाईं।
Published on:
17 Jun 2021 05:16 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
