
amitabh bachchan and kumar vishwas
बॅालीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन और कुमार विश्वास, दोनों ही इस देश के जाने माने चहरे हैं। पिछले साल इन दोनों के बीच सोशल मीडिया पर घमासान मच गया था। दोनों के बीच बात इतनी बिगड़ गई थी कि कुमार विश्वास ने अमिताभ बच्चन को 32 रुपये देने की बात कर दी थी।
पर लगता है अब अमिताभ पिछले सारे बेर भुलाकर विश्वास संग दोस्ती करना चाहते हैं। दरअसल अमिताभ बच्चन ने हाल में कुमार विश्वास को ट्विटर पर फॉलो करना शुरू कर दिया है। इस बात की घोषणा करते हुए खुद कुमार विश्वास ने सोशल मीडिया पर ट्वीट किया है.।
कुमार विश्वास ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'फॉलो करने के लिए आभार, आदरणीय सर अमिताभ बच्चन जी, स्वागत।'
हरिवंश राय बच्चन की कविता पर हुई थी भिड़ंत
अगर पूरे विवाद की बात करें तो हुआ ये था कि पिछले साल कुमार विश्वास ने अमिताभ बच्चन के पिता हरिवंश राय बच्चन की एक कविता 'नीड़ का निर्माण' गाने और उसका वीडियो यूट्यूब पर अपलोड कर दिया था। जिसके चलते बिग बी ने उन्हें लीगल नोटिस भेजने की बात कही थी। हालांकि कुमार विश्वास ने इस कविता को शेयर करते हुए हरिवंश राय बच्चन को क्रेडिट भी दिया था। पर बिग बी का आरोप था कि कुमार विश्वास ने उनके पिता की कविता का इस्तेमाल कर कॉपीराइट कानून का उल्लंघन किया है। अमिताभ बच्चन ने नोटिस के जरिए कुमार से मांग की थी कि वो इस वीडियो और ऑडियो को तुरंत डिलीट करें और इससे कमाया गया पैसा दें।
इसके बाद कुमार विश्वास को इतनी ठेस पहुंची थी कि उन्होंने ट्वीट के जरिए अमिताभ को लिखा, 'सभी कवियों से मुझे इसके लिए सराहना मिली, लेकिन आपसे नोटिस मिला। बाबूजी को श्रद्धांजलि का वीडियो डिलीट कर रहा हूं। साथ ही आपके द्वारा मांगने पर 32 रुपये भेज रहा हूं, जो इससे कमाए हैं। प्रणाम'
Updated on:
4 Feb 2018, 10:10 AM IST
Published on:
4 Feb 2018, 10:06 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.