
Archana Puran Singh Sons
नई दिल्ली। बॉलीवुड में हमेशा से ही नेपोटिज्म का मुद्दा उठता ही रहता है। जब भी कोई स्टार किड लॉन्च होता है तो उस वक्त हर किसी की जुबान पर नेपोटिज्म का शब्द आ जाता है। लोगों का मानना है कि स्टार किड को फिल्मों में आसानी से काम मिल जाता है। जिसकी वजह से कई आउटसाइडर्स को मौका नहीं मिलता है। लेकिन ऐसा हर किसी के साथ नहीं होता है। कई स्टार के बच्चे इंडस्ट्री में आज भी काम पाने के लिए काफी स्ट्रगल कर रहे हैं। जिसमें एक्ट्रेस अर्चना पूरन सिंह और एक्टर परमीत सेठी का नाम भी शामिल है।
दरअसल, अर्चना पूरन सिंह और परमीत सेठी को बच्चों को इंडस्ट्री में काम नहीं मिल रहा है। एक मीडिया बातचीत में अर्चना पूरन सिंह ने इस बात का खुलासा किया है। उन्होंने कहा कि उनके बच्चों को फिल्म जगत में अपनी जगह बनाने के लिए काफी मेहनत करनी पड़ रही है। एक्ट्रेस ने बताया कि उनका बेटा आर्यमन एक्टिंग में अपना करियर बनाना चाहता है। इसके लिए वह कई फिल्मों के लिए ऑडिशन दे रहे हैं। लेकिन अभी तक उन्हें कोई अच्छा काम नहीं मिल पाया है।
अर्चना और परमीत सेठी के दो बेटे आर्यमन और आयुष्मान हैं। अर्चना ने बातचीत में कहा, 'मेरे बेटे अपनी जगह बनाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। मेरे बड़े बेटे ने कई ऑडिशंस भी दिए हैं, हालांकि उसे अब तक वो काम नहीं मिला जो वो चाहता है। मेरा बेटा लगातार काम की तलाश कर रहा है। ये कहना आसान है कि स्टार्स के बच्चों को आसानी से काम मिल जाता है लेकिन मेरे मामले में ऐसा नहीं है। मेरे दोनों ही बच्चे फिल्मी बैकग्राउंड से हैं। उनके पैरेंट्स कलाकार हैं। लेकिन इसके बाद भी वह काम पाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। मुझे उम्मीद है कि उन्हें जल्दी काम मिल जाएगा।
बता दें कि अर्चना पूरन सिंह 'कुछ कुछ होता है', 'मोहब्बतें', 'राजा हिन्दुस्तानी', 'बोल बच्चन' और 'किक' जैसी फिल्मों में काम कर चुकी हैं। वहीं, परमीत 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे', 'दिल धड़कने दो' और 'रुस्तम' जैसी फिल्मों में नजर आ चुके हैं। इसके अलावा, अर्चना कॉमेडी शो 'द कपिल शर्मा शो' की कुर्सी संभाल रही हैं।
Published on:
1 Jul 2021, 6:22 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.