किसी से तुलना नहीं, खुद अपनी मिसाल
जैसे ताजमहल की तुलना किसी दूसरे महल से, एफिल टावर की किसी दूसरे टावर से या नियाग्रा जल-प्रपात की किसी दूसरे जल-प्रपात से नहीं की जा सकती, उसी तरह आशा भोसले की तुलना किसी दूसरी गायिका से नहीं की जा सकती। वह खुद अपनी मिसाल हैं। कहा जाता है कि बरगद के तले कोई पेड़-पौधा नहीं पनपता। आशा भोसले ने इसे झुठला दिया। बड़ी बहन लता मंगेशकर अगर बरगद हैं, तो आशा जी उनसे कमतर नहीं हैं। सुरों की दुनिया में उन्होंने अलग पहचान बनाई। भजन हो (हे रोम-रोम में बसने वाले राम) या दार्शनिक गीत (तोरा मन दर्पण कहलाए), बेफिक्री (दम मारो दम) हो या शोखी (आओ हुजूर तुमको सितारों में ले चलूं), उदासी हो (चैन से हमको कभी आपने जीने न दिया) या उल्लास (आज कोई प्यार से दिल की बातें कह गया), उन्होंने हर मनोदशा को मन मोहने वाली सुरीली अभिव्यक्ति दी। उनका धूम-धड़ाके वाला 'जब छाए मेरा जादू कोई बच न पाए' उनकी हस्ती की सटीक तर्जुमानी करता है। वह कुदरत का ऐसा करिश्मा हैं, जिसे कुदरत भी नहीं दोहरा सकी।