9 सितंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

विक्रांत मैसी या जीतू भैया नहीं, बबलू पंडित के किरदार के लिए दिव्येंदू थे पहली पसंद, फिर ‘मिर्जापुर द मूवी’ की कास्टिंग में आया ट्विस्ट

Mirzapur The Movie: फिल्म 'मिर्जापुर द मूवी' की कास्टिंग को लेकर एक दिलचस्प बात सामने आई है। क्या है वो बात, चलिए जानते हैं।
2 min read
Google source verification
Mirzapur: The Movie

मिर्जापुर द मूवी (फोटो सोर्स- IMDb)

Mirzapur: The Movie: वेब सीरीज 'मिर्जापुर' ने कई कलाकारों को ऐसी पहचान दी, जिसे दर्शक लंबे समय तक भूल नहीं पाए। इनमें दिव्येंदु का नाम सबसे ऊपर आता है। सीरीज में उन्होंने मुन्ना त्रिपाठी यानी मुन्ना भैया का किरदार निभाकर खूब लोकप्रियता हासिल की। उनका अंदाज, डायलॉग बोलने का तरीका और किरदार की सनक दर्शकों के बीच खासा चर्चित हुआ। लेकिन क्या आप जानते हैं कि दिव्येंदु को शुरुआत में मुन्ना भैया नहीं, बल्कि बबलू पंडित का किरदार ऑफर हुआ था?

दिव्येंदु को मिला था बबलू पंडित का रोल

एक पुराने इंटरव्यू में दिव्येंदु ने अपने ‘मिर्जापुर’ से जुड़ने की कहानी साझा की थी। उन्होंने बताया था कि मेकर्स ने सबसे पहले उन्हें बाबलू पंडित के किरदार के लिए संपर्क किया था। उन्होंने रोल पढ़ा और उन्हें किरदार पसंद भी आया। हालांकि, इसी दौरान उनकी नजर मुन्ना के किरदार पर गई।

दिव्येंदु उस समय अपने करियर को लेकर एक अलग तरह की चुनौती महसूस कर रहे थे। उनका कहना था कि इंडस्ट्री में उन्हें लगातार ऐसे किरदार मिल रहे थे, जिनमें वह एक सीधे-सादे और खुशमिजाज लड़के की छवि में नजर आते थे। उन्हें डर था कि कहीं वह एक ही तरह के किरदारों में सीमित होकर न रह जाएं।

करियर की चिंता ने बदल दी पूरी कहानी

दिव्येंदु के मुताबिक, वह चाहते थे कि उन्हें कुछ अलग करने का मौका मिले। इसी तलाश में उन्होंने मुन्ना के किरदार को गंभीरता से देखा। जब उनसे पूछा गया कि वह मुन्ना का किरदार करना चाहेंगे या नहीं, तो उन्होंने तुरंत इसे बेहतरीन मौका माना।

इसके बाद मेकर्स और दिव्येंदु ने इस किरदार को लेकर काम किया और देखते ही देखते मुन्ना त्रिपाठी उनके करियर का सबसे यादगार किरदार बन गया। जिस अभिनेता को कभी बबलू पंडित के लिए सोचा गया था, वही आगे चलकर ‘मिर्जापुर’ की सबसे चर्चित शख्सियतों में शामिल हो गया। बबलू पंडित का किरदार बाद में विक्रांत मैसी ने निभाया।

फिल्म में फिर लौटे मुन्ना भैया

‘मिर्जापुर: द मूवी’ में दिव्येंदु एक बार फिर मुन्ना भैया के रूप में दर्शकों के सामने आए। फिल्म की रिलीज से पहले उन्होंने इस वापसी को अपने लिए भावनात्मक अनुभव बताया था। लंबे समय बाद किरदार में लौटने को लेकर उनके भीतर उत्साह के साथ-साथ थोड़ी घबराहट भी थी।

दिव्येंदु के लिए सबसे बड़ा सवाल यही था कि दर्शक मुन्ना भैया को दोबारा पर्दे पर देखकर कैसी प्रतिक्रिया देंगे। उन्होंने यह भी माना कि यह वापसी खासतौर पर उन प्रशंसकों के लिए है, जिन्होंने मुन्ना के किरदार को इतना प्यार दिया।

‘मिर्जापुर: द मूवी’ में बदली हुई कास्ट

फिल्म में कई पुराने कलाकार अपने लोकप्रिय किरदारों के साथ वापस लौटे हैं। पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, श्वेता त्रिपाठी, श्रिया पिलगांवकर, राजेश तैलंग और अन्य कलाकारों की वापसी हुई है। वहीं बबलू पंडित के किरदार में इस बार जितेंद्र कुमार नजर आए हैं।

‘मिर्जापुर: द मूवी’ 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। सीरीज के किरदारों को बड़े पर्दे पर देखने को लेकर फैंस के बीच पहले से ही काफी उत्सुकता थी। खास तौर पर मुन्ना भैया के रूप में दिव्येंदु की वापसी ने इस उत्साह को और बढ़ा दिया।