
जब अनुपम खेर को मारने पहुंच गए थे सतीश कौशिक, जानिए क्या थी वजह
बॉलीवुड एक्टर अनुपम खेर ने अपने करियर में एक के बाद एक कई हिट फिल्मों में काम किया है। लेकिन उन्होंने अपने दोस्त और डायरेक्टर सतीश कौशिक से कुछ पैसे उधार लिए थे। दरअसल ये दोनों के संघर्ष की दिनों की कहानी है जब सतीश कौशिक और अनुपम खेर नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा में पढ़ाई किया करते थे। सतीश कौशिक अनुपम खेर की इस आदत से इतना परेशान हो गए थे कि बैट लेकर ही उनके घर पहुंच गए थे।
एक टीवी शो में सतीश कौशिक ने बताया था, ‘नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा में अनुपम को पैसे की हमेशा किल्लत रहती थी। स्कूल के बाहर एक फ्रूट वाले की दुकान थी तो ये लंबा चक्कर लगाकर हॉस्टल से स्कूल जाया करता था। एक बार इसने मुझसे 80 रुपए लिए थे और वापस करने का नाम नहीं ले रहा था। मुझे इससे बहुत तेज गुस्सा चढ़ गया। मैं बैट लेकर इसके घर पहुंच गया और कहा कि दिल्ली का रहने वाला हूं। पैसे नहीं मिले तो बहुत मारूंगा।’
सतीश कौशिक आगे बताते हैं, ‘ये बेचारा बहुत डर गया और हाथ जोड़कर बोलने लगा कि भाई 60 रुपए आए हैं। इसी को रख ले। मतलब ऐसे हम लोगों की दोस्ती शुरू हुई थी।’ इस दौरान शो में अनुपम खेर भी मौजूद थे। वह कहते हैं, ‘सतीश बिल्कुल ठीक बोल रहा है। मेरा लुक भी बिल्कुल अंग्रेज जैसा लगता था। मैंने प्ले करते हुए एक व्हाइट सूट पहनकर विदेशी नागरिक बन जाता था।’
अनुपम कहते हैं, ‘हम लोगों को सतीश कौशिक शादियों का खाना खिलाने के लिए ले जाते थे। वहां जाकर हम कहते थे कि आपकी शादी में आने के लिए ये जर्मनी से स्पेशल आए हैं। मुझे अंग्रेजी आती नहीं थी तो मैं ज्यादा बात करता नहीं था। दिल्ली में तो हमने ऐसी बहुत सारी शादियां खाई हैं। मतलब हम लोगों के लिए तो ऐसा हर हफ्ते की कहानी बन गई थी। फिर धीरे-धीरे चीजें बदलीं और हम लोग यहां तक पहुंचे।’
बता दें, सतीश कौशिक ने सलमान खान की फिल्म ‘तेरे नाम’ डायरेक्ट की थी और फिल्म सुपरहिट हुई थी। जिससे उन्हें पहचान मिली थी। इसके अलावा सतीश कौशिक को फिल्मों में उनके कॉमिक किरदारों के लिए जाना जाता है। अनुपम खेर और सतीश कौशिक की जोड़ी एक साथ कई फिल्मों में साथ नजर आ चुकी है।
Published on:
17 Nov 2021 03:28 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
