
Kajol
नई दिल्ली | कोरोनावायरस के मामले भारत देश में लगातार बढ़ते ही जा रहे हैं। एक बार फिर देश में गरीब लोगों के लिए रहना खाना मुश्किल हो गया है। कई सेलेब्स जरूरतमंदो की मदद भी कर रहे हैं। लेकिन कुछ ऐसी बातें भी सामने आ जाती हैं जो लोगों को बिल्कुल पसंद नहीं आती। रिसेन्टली काजोल का एक ऐसा ही वीडियो सामने आया जिसमें वो सेब के साथ फ्रूट निंजा जैसा खेल खेलती हुई दिख रही हैं। काजोल हवा में उड़ाते हुए सेब को काटती हैं और वो जमीन पर गिर जाता है। जिसके बाद उनके फैंस और कई यूजर्स उन्हें ट्रोल कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि काजोल को इस तरह से खाना बर्बाद नहीं करना चाहिए।
काजोल ने अपने इंस्टाग्राम पर अपना वीडियो शेयर किया है जिसे देखकर फैंस बेहद नाराज हो रहे हैं। वीडियो में काजोल सेब को हवा में उछालते हुए चाकू से उसके दो हिस्से करती हुई दिख रही हैं। जाहिर है कि सेब सीधा जमीन पर जा गिरा होगा। काजोल ने अपनी इस पोस्ट के साथ लिखा- मूड। वैसे तो काजोल ने बहुत ही शानदार तरीके से अपना करतब दिखाया लेकिन वक्त को देखते हुए लोगों को उनका ये वीडियो बिल्कुल भी पसंद नहीं आया।
एक यूजर ने लिखा- इस तरह से खाना बर्बाद मत करो। तो दूसरे यूजर ने लिखा- लोग भूखे मर रहे हैं उनका मजाक मत बनाइए, फूड बर्बाद ना करो मैम। एक यूजर ने यहां तक कह दिया- लोगों के पास खाने को नहीं है, ये देखने के बाद कोई आपको फॉलो नहीं करेगा। कृपया कुछ भी पोस्ट करने से पहले दो बार सोचे इस वक्त। इसी तरह कई यूजर्स जहां काजोल को फूड बर्बाद ना करने की सलाह दे रहे हैं।
वहीं कुछ काजोल के सपोर्ट में भी दिखाई दे रहे हैं। कुछ यूजर्स का कहना है कि काजोल का ये वीडियो पुराना है जिसे उन्होंने अब पोस्ट किया है। अब सच क्या है ये तो नहीं पता लेकिन काजोल से उनके ही कई फैंस नाराज नजर आ रहे हैं।
Published on:
27 Apr 2021 03:17 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
