दर्शक मान रहे हैं कि कार्तिक एक दिन अक्षय कुमार की जगह ले लेंगे
भूल भुलैया 2 में कार्तिक को दर्शकों ने पसंद किया। कार्तिक को लेकर कई लोग मान रहे थे कि किसी फिल्म में नया सितारा अक्षय की जगह नहीं ले सकता, वे गलत साबित हो गए। कार्तिक आर्यन का अंदाज देखते हुए उनके फैंस और दर्शक मान रहे हैं कि वह एक दिन अक्षय कुमार की जगह ले लेंगे।
अक्षय कुमार ने हाउसफुल 5 की घोषणा की है
इसी बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। बॉक्सऑफिस पर अक्षय और कार्तिक की टक्कर का सीधा मैदान तय हो गया है। यह खबर पक्की है कि दोनों सितारों की फिल्में एक ही दिन एक-दूसरे के आमने-सामने रहेंगी। शुक्रवार को अक्षय कुमार ने अपनी लोकप्रिय कॉमेडी फ्रेंचाइजी, हाउसफुल 5 की घोषणा की है।
हाउसफुल 5 में साजिद नाडियाडवाला प्रोड्यूसर और तरुण मनसुखानी डायरेक्टर होंगे। साल 2010 में साजिद खान के निर्देशन में पहली हाउसफुल आई थी। इसके बाद यह बॉलीवुड की व्यावसायिक रूप से सबसे सफल फ्रेंचाइजी बन गई। लेकिन खास बात यह कि हाउसफुल 5 अगले साल दिवाली के दिन रिलीज हो रही है। मतलब साफ है कि उस दिन रिलीज होने वाली कार्तिक आर्यन की भूल भुलैया 3 से टक्कर होगी।
इस साल कार्तिक आर्यन की फिल्म शहजादा के फ्लॉप होने के बाद टी-सीरीज भूल भुलैया 3 बनाने की घोषणा की थी। साथ ही उन्होंने कहा था कि यह फिल्म 2024 की दिवाली पर रिलीज करेंगे। दोनों फिल्मों का ट्रेक रिकॉर्ड बढ़िया है। इसका मतलब है कि बॉक्स ऑफिस पर दोनों एक-दूसरे को कड़ी टक्कर देंगी। हर कोई चाहेगा कि अक्षय कुमार और कार्तिक आर्यन, दोनों की फिल्में दिवाली पर चलें।
सबसे बड़ी बात यह है कि इस टक्कर में दोनों का स्टार पावर सबकी समझ में आ जाएगा। इसमें कोई संदेह नहीं कि कार्तिक अगर जमे रहे, तो बॉलीवुड में लंबी पारी खेल सकते हैं। इधर अक्षय की कुछ फिल्में फ्लॉप जरूरी हुई हैं, लेकिन उनका स्टारडम बरकरार है।