
मधुबाला, एक ऐसी एक्ट्रेस जो आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके ग्लैमर और अदाकारी ने आज भी उनको हमारे बीच जीता-जागता रखा है। मधुबाला अपने जमाने पर बड़े पर्दे पर खूबसूरती की मूरत से कम नहीं थीं। कई सितारे रहे हैं, जिन्होंने दर्शकों का दिल जीता, लेकिन मधुबाला का मुकाबला शायद ही कोई कर पाया है। महज 36 साल की उम्र में उनकी मृत्यु ने उनके कई चाहने वालों का दिल तोड़ दिया। वैसे बात की जाए इनकी रियल लाइफ की तो वो भी किसी फिल्म की तरह ही ससपेंस, ड्रामा और रोमांस से भरी हुई थी।
अपनी खूबसूरती और एक्टिंग से करोड़ों लोगों का दिल जीतने वाली मधुबाला की जब शादी की बात आई तो उन्हें उनका प्यार न मिल सका। उनके दिल में बसे दिलीप कुमार को उनके पिता ने कोर्ट-कचहरी के चक्कर तक लगवा दिए। आखिर क्या रही होगी इसकी वजह। मधुबाला की जिंदगी से जुड़े ऐसे ही कई राजों से आज उठाएंगे पर्दा, यहां....।
परिवार के लिए आना पड़ा था रंगमंच की दुनिया में
मुमताज नाम की एक बच्ची, जो बड़ी होकर मधुबाला बन गई। आप जानकर दंग रह जाएंगे कि महज 9 साल की उम्र में ये मुमताज, मधुबाला बनकर मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में पहुंच गई। इसके पीछे कारण था कि उस समय इनके पिता की नौकरी जा चुकी थी। उस वक्त वह अपने परिवार में पांच बच्चों मे से एक थीं। फिर क्या था, मधुबाला के इंडस्ट्री में पहुंचने के बाद से इनकी आमदनी से ही इनके परिवार का भरण-पोषण होने लगा। सिर्फ यही नहीं 14 साल की होते ही इनको फिल्मों में लीड रोल में काम मिलने लगा। ये वो वक्त था जब 1947 में इन्होंने फिल्म 'नील कमल' में राज कपूर के साथ लीड रोल प्ले किया था।
फिल्म 'नील कमल' के बाद इस मुमताज को मिला मधुबाला का नाम
फिल्म 'नील कमल' की सफलता के बाद फिल्म इंडस्ट्री में इनको नया नाम मिला मधुबाला का। फिल्म डायरेक्टर किदार शर्मा ने इस नई मधुबाला को सही मायनों में प्रोफेशनल कह कर बुलाया। उन्होंने कहा कि ये मधुबाला किसी मशीन की तरह काम करती है। खाना-पीना छोड़ देती है, थर्ड क्लास में सफर करती है, लेकिन काम के लिए हमेशा समय पर पहुंचती है।
दिलीप कुमार के साथ अक्सर रहीं चर्चा में
मधुबाला और ट्रैजेडी किंग दिलीप कुमार के बीच रिश्तों के चर्चे जब तब सुनने को मिल जाते थे। बताते हैं कि फिल्म 'ज्वार भाटा' के सेट पर दोनों एकदूसरे से मिले और फिल्म 'तराना' के सेट पर दोनों ने एकदूसरे से प्यार का इजहार किया था, लेकिन कुदरत को इन दोनों का साथ शायद मंजूर नहीं था। दोनों के रिश्ते को मधुबाला के पिता की सहमति कभी नहीं मिली। उनकी वजह से ही दोनों के बीच फाइनली ब्रेकअप भी हुआ।
पिता ने किया दिलीप कुमार पर मुकदमा
रिपोर्ट्स की मानें तो मधुबाला के पिता को दिलीप कुमार संग उनकी बेटी का रिश्ता मंजूर नहीं था. मधुबाला के पिता को बेटी का दिलीप कुमार के साथ काम करना तक पसंद नहीं था। जब बीआर चोपड़ा ने मधुबाला और दिलीप कुमार को फिल्म नया दौर के लिए कास्ट किया था, तब एक्ट्रेस के पिता ने उन्हें दूसरे शहर शूटिंग के लिए जाने की इजाजत नहीं दी। मजबूरन इसके बाद बीआर चोपड़ा को मधुबाला की जगह वैजयंतीमाला को फिल्म में लेना पड़ा। फिल्म के प्रमोशन के लिए जब दिलीप कुमार और वैजयंती की तस्वीरें अखबार में छपीं तो मधुबाला इससे आग बबूला हो गईं और उन्होंने इस मुद्दे को कोर्ट तक घसीट दिया। दिलीप कुमार को भी कोर्ट में गवाही देने जाना पड़ा, इसके बाद मधुबाला औऱ एक्टर के रास्ते अलग हो गए।
किशोर कुमार को दिल दे बैठी थी एक्ट्रेस
मधुबाला ने किशोर कुमार के साथ ‘चलती का नाम गाड़ी’ और ‘हाफ टिकट’ जैसी फिल्मों में काम किया। इसी बीच दोनों में प्यार हो गया। एक दिन किशोर कुमार के पूछने पर मधुबाला ने शादी के लिए हां बोल दिया। किशोर एक्ट्रेस से इतना प्यार करते थे कि उन्होंने अपना धर्म बदल कर नाम तक बदल लिया था।
Published on:
28 Jan 2022, 9:06 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.