
Arbaaz khan
सट्टेबाजी को लेकर आईपीएल एक बार फिर से सुर्खियों में है। अब इससे बॉलीवुड का नाम भी जुड़ गया है। बता दें कि वर्ष 2013 में स्पॉट फिक्सिंग और सट्टेबाजी के कारण आईपीएल दागदार बन गया था। बीसीसीआई ने इसकी छवि सुधारने के लिए काफी मशक्कत की लेकिन एक बार फिर से सट्टेबाजी के चलते आईपीएल सुर्खियों में आ गया है।
अरबाज खान ने स्वीकारी सट्टेबाजी की बात:
बता दें कि हाल में आईपीएल में सट्टेबाजी को लेकर फिल्म अभिनेता और निर्माता अरबाज खान का नाम सामने आया है। उन्होंने इस बात को कबूल किया है कि वह पिछले पांच सालों से आईपीएल मैचों में सट्टा लगा रहा है। उन्होंने आईपीएल में 2 करोड़ 75 लाख का सट्टा हारा। सोनू जालान नाम के व्यक्ति के जरिए वह आईपीएल मैचों में सट्टा लगाते थे। इस मामले में क्राइम ब्रांच ने अरबाज से भी पूछताछ की। अरबाज का कहना है कि वह पुलिस के साथ जांच में सहयोग कर रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे। लेकिन यह पहली बार नहीं है जब इंडस्ट्री से जुड़ा कोई व्यक्ति क्रिकेट में सट्टेबाजी को लेकर सुर्खियों में आया है। इससे पहले भी कुछ सितारों के नाम इससे जुड़ चुके हैं। आइए जानते हैं इनके बारे में।
विंदु दारा सिंह:
टीवी रिएलिटी शो बिग बॉस सीजन 3 के विजेता और अभिनेता विंदु दारा सिंह का नाम भी आईपीएल सट्टेबाजी में जुड़ चुका है। वर्ष 2013 में मुंबई पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया था। वह 2011 में हुए वर्ल्ड कप के बाद से ही पुलिस की रडार पर थे। हालांकि गिरफ्तारी के बाद उन्हें जमानत मिल गई थी। पुलिस को उनके खिलाफ कोई ठोस सबूत नहीं मिला था।
राज कुंद्रा:
बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा का नाम भी आईपीएल सट्टेबाजी में सामने आ चुका है। बता दें कि राज कुंद्रा आईपीएल टीम राजस्थान रॉयल्स के सह-मालिक भी हैं। दिल्ली पुलिस ने दावा किया था कि कुंद्रा ने आईपीएल मैचों में करोड़ों रुपए हारे थे। पुलिस का दावा था कि राज कुंद्रा ने आईपीएल के चौथे सीजन 50 लाख, पांचवें सीजन में 40 लाख और छठे सीजन में 12.5 लाख रुपये सट्टेबाजी में लगाए थे। इतना ही शिल्पा का भी इसमें नाम सामने आया था। राज कुंद्रा पर बैन लगा दिया गया था। बता दें के विंदु दारा सिंह और राज कुंद्रा अच्छे दोस्त हैं।
शिल्पा शेट्टी:
इस मामले में एक बार शिल्पा शेट्टी का नाम भी सामने आया था। पुलिस ने खुलासा किया था कि शिल्पा ने एक आईपीएल मैच में एक लाख रुपए लगाए थे और वह हार गईं थी। हालांकि ठोस सबूत ना होने की वजह से शिल्पा इस मामले में बच निकली थीं।
गुरुनाथ मयप्पन:
चेन्नई सुपरकिंग्स के मालिक और बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष एन श्रीनिवासन के दामाद गुरुनाथ मयप्पन पर भी आईपीएल में सट्टेबाजी के आरोप लग चुके हैं। उन पर आरोप था कि वे बिंदु दारा सिंह के संपर्क में थे और उन्हें चेन्नई टीम से जुड़ी सूचनाएउं पहुंचा रहे थे। इसके बाद मयप्पन पर भी आजीवन बैन लगा दिया गया था। इन बातों का खुलासा हुआ तब श्रीनिवासन बीसीसीआई के अध्यक्ष थे।
Published on:
3 Jun 2018, 3:49 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.