
Sanjay dutt
बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त इन दिनों अपनी बायोपिक की वजह से काफी सुर्खियां बटोर रहे हैं। बता दें कि संजय दत्त पर बन रही बायोपिक 'संजू' को राजकुमार हिरानी बना रहे हैं। इसमें अभिनेता रणबीर कपूर संजय दत्त के किरदार में नजर आएंगे। बता दें कि राजकुमार हिरानी और संजय दत्त 'मुन्नाभाई एमबीबीएस' और 'लगे रहो मु्न्नाभाई' जैसी सुपरहिट फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं। अब वह इसका तीसरा पार्ट भी बनाने जा रहे हैं। हालांकि इस बारे में खबरें तो पहले ही आने लगी थी लेकिन हिरानी की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया था। वहीं फैंस को इस सीरीज के तीसरे पार्ट का इंतजार है।
हिरानी ने की तीसरे पार्ट की घोषणा:
अब राजकुमार हिरानी ने इस सीरीज के तीसरे पार्ट की घोषणा कर दी है। एक साक्षात्कार में हिरानी ने कहा कि वे मुन्नाभाई की तीसरी फिल्म करना चाहते थे और स्क्रिप्ट लिख भी ली थी लेकिन वह स्क्रिप्ट पहले दो भागों से मेल नहीं खा रही थी। उन्होंने बताया कि अब उन्हें कुछ मिला है, लेकिन उसे लिखना बाकी है।
हमारे पास एकदम नया आइडिया:
मुन्नाभाई सीरीज की दोनों फिल्मों के सह—लेखक अभिजात जोशी ने भी एक साक्षात्कार में इस बात को कन्फर्म करते हुए बताया कि तीसरे पार्ट के लिए सबसे मुश्किल काम है उसे मैच करना, जो 'लगे रहो मुन्नाभाई में किया है।' उन्होंने कहा, 'हम कुछ ऐसे की तलाश में हैं, जो 'लगे रहो मुन्नाभाई के स्टैंडर्ड' को मैच कर पाए। हमारे पास एक आइडिया है. यह एकदम नया है।'
मुन्नाभाई के तीसरे पार्ट से कमबैक करना चाहते थे संजय दत्त:
अभिनेता संजय दत्त मुन्नाभाई सीरीज की तीसरी फिल्म से कमबैक करना चाहते थे लेकिन हिरानी ने पहले संजय दत्त की बायोपिक 'संजू' बनाई। इस बयोपिक का टीजर रीलीज होते ही वायरल हो गया था। अब दर्शकों को फिल्म का इंतजार है।
दिलचस्प किस्सा:
साक्षात्कार के दौरान हिरानी ने इस बयोपिक से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा भी शेयर किया। हिरानी ने बताया कि एक बार संजय दत्त और आमिर खान की मुलाकात हुई। उस मुलाकात के दौरान संजय ने आमिर को बताया कि राजकुमार हिरानी उनके जीवन पर कहानी लिख रहे हैं। इस पर आमिर ने मजाक करते हुए कहा, 'तुमने उसे बताई क्यों? उसको वो ज्यादा दिलचस्प लगी होगी।'
Published on:
21 May 2018 07:39 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
