
Rasika Dugal
अभिनेत्री रसिका दुग्गल इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'मंटो' के प्रमोशन में काफी व्यस्त हैं। यह फिल्म उर्दू लेखक सआदत हसन मंटो की बयोपिक है। फिल्म 21 सितंबर को रिलीज होगी। रसिका ने पत्रिका एंटरटेनमेंट से टेलीफोनिक इंटरव्यू में बताया कि वह कॉलेज के दिनों से ही मंटो और उनके लेखन से बहुत प्रभावित हैं और उन्हें उनकी बायोपिक में काम करने का मौका मिला इससे वह बहुत खुश हैं।
'मंटो' एक ड्रीम प्रोजेक्ट
रसिका ने फिल्म 'मंटो' में अपने काम को लेकर कहा, 'इसमें मुझे नवाज और डायरेक्टर नंदिता दास के साथ काम करने का मौका मिला है तो यह मेरे लिए ड्रीम प्रोजेक्ट से कम नहीं है। मैं मंटो की पत्नी का किरदार निभा रही हूं जिससे बहुत खुश हूं। नंदिता ने इस किरदार के लिए काफी रिसर्च किया है। उन्होंने लाहौर जाकर मंटो की पत्नी सफिया और दोनों बेटियों के साथ काफी वक्त गुजारा और उनके बारे में काफी कुछ जानने की कोशिश की है। साथ ही यह भी बताया कि उनसे वो बातें जानने को मिली जो किसी किताब में नहीं मिलेगी जिसे नंदिता ने इस फिल्म में बखूबी फिल्माया है।
मंटो ने बहुत खूबसूरती से महिलाओं के बारे में लिखा
रसिका ने महिलाओं से जुड़े लेखन को लेकर मंटो के बारे में बताया कि उन्होंने महिलाओं के बारे में बहुत खूबसूरती से लिखा है। उनके लेखन को सभी को पढ़ना चाहिए वे लेखन समाज में कुछ न कुछ नया संदेश देते हैं। नवाजुद्दीन सिद्दीकी के साथ काम को लेकर सवाल पर उन्होंने कहा, 'नवाज के साथ काम करके मुझे बहुत अच्छा लगा। अगर भविष्य में भी नवाज के साथ काम करने का मौका मिला तो मैं जरूर उनके साथ बतौर को-एक्टर काम करना चाहूंगी। अगर आपका एक्टर सपोर्टिव होता है तो काम करने में परेशानी नहीं आती है।'
Published on:
15 Sept 2018 02:29 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
