
Kareena Kapoor
सैफ अली खान अटैक मामला: एक्ट्रेस करीना कपूर ने अपने बयान में घटना के दौरान सैफ की हालत, घटनास्थल की स्थिति, हमलावर की शारीरिक बनावट और उसकी मांगों को लेकर अहम जानकारी साझा की है। उन्होंने पुलिस पूछताछ में क्या कुछ कहा, आइए जानते हैं।
एक्ट्रेस के बयान के अनुसार, सैफ को खून से लथपथ देख करीना ने उन्हें सब कुछ छोड़कर पहले अस्पताल जाने को कहा। इसके बाद हमलावर को घर में खोजा। अपनी सुरक्षा को लेकर सब फिक्रमंद थे, इसलिए घर छोड़कर बाहर निकल गए।
करीना ने कहा, "मैं सैफ अली खान और हमारे बेटों तैमूर और जहांगीर (जेह बाबा) के साथ बांद्रा पश्चिम में सतगुरु शरण बिल्डिंग में रहती हूं, साथ में दो देखभाल करने वाले, दो नर्स और चार सहायक हैं। देखभाल करने वालों का नाम गीता और जुनू सपकोटा है। नर्सों का नाम शर्मिला श्रेष्ठ और एलीयामा फिलिप है।"
एक्ट्रेस ने बताया, "11वीं मंजिल पर हमारे अपार्टमेंट में तीन बेडरूम हैं, लिविंग एरिया 12वीं मंजिल पर है और घर की 13वीं मंजिल पर सर्वेंट क्वार्टर और एक लाइब्रेरी है।"
बयान में आगे लिखा है, "15 जनवरी को शाम करीब 7.30 बजे मैं अपनी दोस्त रिया कपूर से मिलने गई थी, मैं करीब 1.20 बजे घर लौटी, मैंने तैमूर और जेह बाबा को उनके बेडरूम में चेक किया और उन्हें सोते हुए पाया। करीब 2 बजे जुनू मेरे बेडरूम में आई, जहां मैं सैफ के साथ थी, और हमें बताया कि जेह बाबा के कमरे में कोई है, जिसके हाथ में चाकू है और वह पैसे मांग रहा है।
"सैफ और मैं जे बाबा के कमरे में पहुंचे और गीता को दरवाजे के बाहर खड़ा पाया, अंदर, मैंने काले कपड़े और टोपी जैसे पहने एक आदमी को देखा, जो लगभग 5 फीट 5 इंच लंबा था और 30 से 40 साल का लग रहा था।
मैंने नर्स एलियामा फिलिप को घायल अवस्था में देखा। उसके हाथ से खून बह रहा था। जब सैफ ने पीछे से घुसपैठिए को रोकने की कोशिश की, तो हमलावर ने उसके हाथ, गर्दन और पीठ पर चाकू से वार किया।"
करीना के मुताबिक वो हमला होते देख जोर से चिल्लाईं। उन्होंने आगे कहा, " मैंने एलियामा को चिल्लाकर जे बाबा को बचाने और उसे कमरे से बाहर निकालने के लिए कहा। हम दोनों जे बाबा के साथ 12वीं मंजिल पर पहुंचे। सैफ भी हमारे पीछे-पीछे वहां पहुंचा, वह गंभीर रूप से घायल था और खून बह रहा था। सैफ की पीठ, गर्दन और हाथ पर चोट लगी थी।"
दर्ज बयान में करीना आगे कहती हैं, " मैंने मदद के लिए अपने हाउस हेल्प हरि, रामू, रमेश और पासवान को बुलाया। उन्होंने हमलावर की तलाश में घर की तलाशी ली, लेकिन वह नहीं मिला। फिर मैंने सभी को बाहर निकालने का फैसला किया क्योंकि घर अब सुरक्षित नहीं था। मैंने सबसे कहा, 'ये सब छोड़ दो, पहले नीचे चलो, अस्पताल चलते हैं, क्योंकि सैफ को तत्काल इलाज की आवश्यकता थी। सभी लिफ्ट से नीचे उतरे और उन्होंने हरि से सैफ को अस्पताल ले जाने के लिए कहा, उसी समय तैमूर ने भी अपने पिता के साथ जाने पर जोर दिया और करीना ने उसे सैफ और हरि के साथ लीलावती अस्पताल जाने की परमिशन दी।"
दर्ज बयान में करीना आगे कहती हैं, "इसके बाद मैंने अपनी बहन करिश्मा कपूर, अपनी मैनेजर पूनम दमानिया और पूनम के पति तेजस दमानिया को सूचित किया। कुछ ही देर बाद पुलिस बिल्डिंग में पहुंच गई, उन्होंने घर की तलाशी ली लेकिन घुसपैठिए का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद मैं अस्पताल पहुंची और सुनिश्चित किया कि एलियामा को भी भर्ती कराया जाए।"
उन्होंने कहा, "इस घटना में एलियामा फिलिप भी घायल हो गई थी, मुझे उनसे पता चला कि जब उन्होंने चोर से पूछा कि उसे क्या चाहिए तो उसने कहा 'मैं चोरी करने आया हूं। मुझे एक करोड़ रुपये चाहिए।”
Updated on:
12 Apr 2025, 9:47 PM IST
Published on:
12 Apr 2025, 9:47 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.