
शिल्पा राव के कॉन्सर्ट में विवाद (Photo Source- Twitter/@diganta_guha)
Shilpa Rao mic was turned off Controversy: संगीत और मनोरंजन जगत में अक्सर कई ऐसे सो होते हैं जो विवादों की भेंट चढ़ जाते हैं। बीती रात मुंबई में आयोजित प्रसिद्ध 'बॉम्बे म्यूजिक प्रोजेक्ट' (Bombay Music Project) फेस्टिवल कुछ इसी तरह की वजहों से चर्चा के केंद्र में आ गया है। शनिवार, 24 अक्टूबर को आयोजित इस लाइव म्यूजिक फेस्टिवल में फेमस संगीतकार अनु मलिक की बेटी और फैशन डिजाइनर अदा मलिक (Ada Malik) ने मंच पर परफॉर्म किया। उन्होंने साल 2003 की फिल्म 'कुछ तो है' के चर्चित गाने 'डिंग डोंग डिंग डोले' पर शानदार डांस किया, जिसके वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। लेकिन, इस परफॉर्मेंस के साथ ही एक नया विवाद भी खड़ा हो गया है।
अदा मलिक के इस डांस एक्ट के तूल पकड़ने की मुख्य वजह मशहूर गायिका शिल्पा राव (Shilpa Rao) की परफॉर्मेंस से जुड़ा विवाद है। सोशल मीडिया पर एक अटेंडी यानी उपस्थित दर्शक द्वारा लगाए गए आरोपों के मुताबिक, इवेंट के दौरान जब शिल्पा राव परफॉर्म कर रही थीं, तो अचानक उनका माइक्रोफोन बंद कर दिया गया और फैंस को धन्यवाद देते हुए उनकी स्पीच को बीच में ही रोक दिया गया। आरोप यह भी लगाया गया कि शो में पहले की देरी के कारण शिल्पा का सेट छोटा करना पड़ा था।
इंस्टाग्राम यूजर @aashwini_shetye ने दावा किया कि इवेंट मैनेजर को खुद मंच के पास जाकर अनु मलिक को यह बताना पड़ा था कि अब समय नहीं बचा है, लेकिन इसके बावजूद परफॉर्मेंस जारी रखी गई जिससे शेड्युल और बिगड़ गया। उस दर्शक ने अनु मलिक और उनकी बेटी अदा मलिक के डांस एक्ट को 'गैर-जरूरी फिलर' करार दिया और दावा किया कि अदा की परफॉर्मेंस के दौरान दर्शकों की तरफ से कोई खास उत्साह देखने को नहीं मिला। सोशल मीडिया पर कई अन्य यूजर्स ने भी इस बात पर सहमति जताई कि यदि समय की कमी थी, तो ऐसे एक्ट्स को छोड़ देना चाहिए था।
इस पूरी घटना के बाद से इंटरनेट पर बहस छिड़ गई है कि क्या एक बड़े कलाकार के समय को काटकर दूसरे एक्ट्स को प्राथमिकता दी जानी चाहिए थी। लेकिन, इस बात की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि अदा मलिक के डांस एक्ट या पहले के किसी अन्य कारण से ही शिल्पा राव का सेट छोटा किया गया था या नहीं। इसके अलावा, कुछ यूजर्स ने यह भी टिप्पणी की कि अदा अपनी परफॉर्मेंस के दौरान सहज नजर नहीं आ रही थीं। फिलहाल इस मामले पर आयोजकों या कलाकारों की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन संगीत प्रेमियों के बीच यह चर्चा का बड़ा विषय बन गया है।
Updated on:
25 Oct 2026, 11:45 AM IST
Published on:
25 Oct 2026, 11:09 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.