
उर्फी जावेद ने हाउसिंग सोसाइटी को लेकर किया पोस्ट (Photo Source- Instagram/@urf7i)
Uorf Javed lashes out at housing society: अपने अतरंगी फैशन सेंस और बेबाक अंदाज के लिए हमेशा सुर्खियों में रहने वाली रियलिटी शो स्टार उर्फी जावेद (Uorfi Javed) एक बार फिर अपनी हाउसिंग सोसाइटी के साथ विवादों में घिर गई हैं। कुछ समय पहले उर्फी ने दावा किया था कि उनकी सोसाइटी ने रात 10 बजे के बाद मेहमानों के आने पर पाबंदी लगा दी है, जिसके बाद उन्होंने मुंबई पुलिस से मदद भी मांगी थी। अब मामला और ज्यादा बढ़ गया है और उर्फी ने सोसाइटी प्रबंधन पर उनके घर के अंदर कंटेंट शूट करने से रोकने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया है।
उर्फी जावेद ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम पर अपनी सोसाइटी के खिलाफ पोस्ट शेयर किया है। जिसमें उन्होंने अपना दर्द बयां करते हुए खुलासा किया कि यह सारा उत्पीड़न तब शुरू हुआ जब उन्होंने सोसाइटी के उस अजीबोगरीब नियम के खिलाफ पुलिस को बुलाया था, जिसके तहत शाम 6 बजे के बाद किसी भी मेहमान के आने पर मकान मालिक से इजाजत लेना अनिवार्य किया गया था।
उर्फी ने अपने पोस्ट में सोसाइटी के लोगों पर निशाना साधते हुए लिखा, "उनकी शिकायत के बाद उनकी सोसाइटी के नाजुक मेल ईगो को चोट पहुंची। उन्होंने मेरे मकान मालिक से मुझे घर से निकालने के लिए कहा, जो उन्होंने नहीं किया, इसलिए अब 4-5 आदमियों को मुझे परेशान करने के लिए ऐसे घटिया तरीके अपनाने पड़े, लेकिन मुझे खुद पर गर्व है।"
उर्फी जावेद ने आगे यह भी आरोप लगाया कि सोसाइटी के लोग अब उनके घर आने वाले मेहमानों के बैग्स की तलाशी ले रहे हैं, उन्हें यह शक होता है कि उनके पास कैमरा या शूटिंग से जुड़ा कोई सामान है। उर्फी ने सवाल उठाया कि आज के दौर में हर दूसरा व्यक्ति अपने घर में सोशल मीडिया के लिए वीडियो या रील्स शूट करता है, ऐसे में घर के अंदर शूटिंग पर रोक लगाने वाला यह नियम आखिरकार कानूनी रूप से कैसे सही हो सकता है? उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि वह अपने घर के अंदर क्या करती हैं, यह पूरी तरह से उनका अपना निजी मामला है।
अपने निजी जीवन के इन विवादों के बीच, अगर उर्फी जावेद के वर्क फ्रंट की बात करें तो उन्हें हाल ही में पॉपुलर एमटीवी रियलिटी शो 'स्प्लिट्सविला X6' (Splitsvilla X6) में बतौर होस्ट देखा गया था, जहां उनके साथ सनी लियोन, करण कुंद्रा और निया शर्मा जैसे जाने-माने चेहरे भी नजर आए थे। लेकिन, हाउसिंग सोसाइटी के साथ चल रहा उनका यह विवाद सोशल मीडिया पर चर्चा का बड़ा विषय बन गया है।
Updated on:
27 Oct 2026, 10:51 AM IST
Published on:
27 Oct 2026, 10:28 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.