
Upcoming movies
मुंबई। इस दीवाली पर रिलीज फिल्म 'ठग्स आॅफ हिन्दोस्तान' तो बॉक्स आॅफिस पर कुछ खास कमाल नहीं कर पाई लेकिन अब आने वाली फिल्मों को लेकर निर्माताओं और फैंस में गजब का उत्साह है। और हो भी क्यों ना! अपकमिंग मूवीज पर करोड़ों का दांव लगाया है और इससे कहीं ज्यादा की कमाई की उम्मीदें हैं। नवंबर में '2.0' से खासी उम्मीदें जताई जा रही हैं। इसके बाद दिसंबर में जो फिल्में रिलीज होंगी उन्हें फेस्टिवल सीजन, न्यू ईयर और विंटर वेकेशन का लाभ मिलने की पूरी संभावना है।
केदारनाथ
सुशांत सिंह राजपूत और सारा अली खान की अपकमिंग मूवी 'केदारनाथ' कई मायनों में खास फिल्म है। सबसे पहला ये कि इस मूवी से सैफ अली खान की बेटी सारा बॉलीवुड डेब्यू कर रही है। दूसरी बात ये मूवी उत्तराखंड त्रासदी पर बनी है। तीसरा पक्ष थोड़ा नेगेटिव है। सुशांत के मुस्लिम युवक और सारा के हिन्दू युवती का रोल होने के चलते इसे धार्मिक रंग देने की कोशिश की जा रही है। केदारनाथ 7 दिसंबर को रिलीज होगी। इस मूवी से सारा अली खान का बॉलीवुड कॅरियर तय होगा। हालांकि वे रणवीर के साथ 'सिम्बा' में भी नजर आने वाली हैं लेकिन 'केदारनाथ' की सफलता/असफलता पर बहुत कुछ निर्भर करेगा।
एक्वामैन
हॉलीवुड फिल्म 'एक्वामैन' को लेकर इंडियन फैंस में खासा उत्साह है। इसे हॉलीवुड के बाहुबली के रूप में देखा जा रहा है। इस मूवी में वीएफएक्स तकनीक का गजब इस्तेमाल किया गया है। किरदारों का लुक और सीन्स पौराणिक शेड में है। पहले इस मूवी को 21 दिसंबर को रिलीज किया जाना था लेकिन शाहरुख की फिल्म 'जीरो' से टकराव के चलते अब इसे 14 दिसंबर को उतारा जाएगा। दूसरी तरफ, अन्य देशों में 'एक्वामैन' 21 दिसंबर को ही रिलीज होगी।
जीरो
शाहरुख खान की अपकमिंग मूवी 'जीरो' का ट्रेलर रिलीज हो चुका है। इसके फैंस का काफी अच्छा रिस्पांस मिला है। जीरो में शाहरुख के अलावा कैटरीना कैफ और अनुष्का शर्मा भी अहम किरदार निभाते दिखाई देंगे। जीरो की रिलीज डेट 14 दिसंबर है। शाहरुख की फैन फॉलोइंग और स्टारडम को देखते हुए माना जा रहा है कि मूवी को बम्पर कमाई मिलेगी। हालांकि शाहरुख की पिछली कुछ मूवीज उतना कारोबार नहीं कर पाई हैं जितना आमिर खान या सलमान खान की मूवीज करती हैं। ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि अगर 'जीरो' उम्मीदों पर खरी नहीं उतरती है तो शाहरुख की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
K.G.F: Chapter 1
साउथ इंडियन अपकमिंग मूवी 'केजीएफ: चैप्टर 1' को लेकर सिनेजगत में काफी हलचल है। इसे बाहुबली की टक्कर की मूवी बताया जा रहा है। मूवी की स्टोरी 'कोलार गोल्ड माइन्स' के ईद-गिर्द घूमती है। निर्माताओं ने पहले ही ये मान लिया है कि ये मूवी सफलता के झंडे गाड़ेगी इसलिए इसे चैप्टर 1 का नाम दिया गया है।
सिम्बा
निर्माता-निर्देशक रोहित शेट्टी अपनी नायाब फिल्मों और उनसे बॉक्स आॅफिस पर राज करने के लिए जाने जाते हैं। इस बार उन्होंने दांव खेला है रणवीर सिंह पर। उनकी अपकमिंग मूवी 'सिम्बा' में रणवीर लीड रोल में नजर आएंगे। इस मूवी को 28 दिसंबर को रिलीज किया जाएगा। रोहित को उम्मीद है कि क्रिसमस और विंटर वेकेशन का मूवी को फायदा मिलेगा।
Published on:
23 Nov 2018, 1:06 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.