
Vicky Kaushal
अनुराग कश्यप निर्देशित फिल्म 'मनमर्जियां' 14 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने को तैयार है। इसमें विक्की कौशल लीड रोल में नजर आएंगे। वह मूवी में अमृतसर के डीजे का किरदार निभा रहे हैं। इस किरदार को लेकर उनका कहना है कि इस किरदार से उन्हें खुद को आजाद करने और अपने व्यक्तित्व के जुनूनी रूप को दिखाने का मौका मिला। फिल्म में विक्की के अलावा अभिषेक बच्चन और तापसी पन्नू भी मुख्य भूमिका में दिखेंगे।
खुद को आजाद करने का मौका मिला
विक्की ने कहा, ''मनमर्जियां' में अपना किरदार निभाते समय मुझे अपना जुनूनी रूप दिखाने का मौका मिला, जो स्फूर्तिवान, रंगीन, बिना ज्यादा सोचे-समझे काम कर देने वाला है। वह आजाद है। मुझे वास्तविक जीवन में मुश्किल से अपने बालों को नीले रंग में रंगने और ऐसे रंगीन कपड़े पहनने और टैटू बनवाने का मौका मिला हो। लेकिन, यह पहलू मेरे अंदर कहीं ना कहीं छिपा था। इसलिए इस किरदार को निभाने से मुझे खुद को आजाद करने का मौका मिला।' पिछले नौ महीनों में विक्की की चार फिल्में 'लव पर स्क्वायर फुट', 'राजी', 'लस्ट स्टोरीज' और 'संजू' रिलीज हो चुकी हैं। हर फिल्म में बिल्कुल अलग किरदार निभा कर उन्होंने अपनी प्रतिभा साबित की है।
इस फिल्म से होगी घमासान टक्कर
फिल्म 'मनमर्जियां' के कई गाने और ट्रेलर को हाल ही में रिलीज किया गया है। इन्हें फैंस ने काफी पसंद भी किया है। ट्रेलर में देखने तापसी पहले विक्की के साथ इंटीमेट सीन्स करती नजर आईं। इसके बाद वह अभिषेक बच्चन की पत्नी के किरदार में दिखीं। इसे देखने के बाद लगता है कि यह एक मसाला मूवी है, जो कि कॉमेडी, ड्रामा और लव स्टोरी पर आधारित है। इस फिल्म की बॉक्स ऑफिस पर मनोज बाजपेयी की फिल्म 'लव सोनिया' से घमासान टक्कर होगी। बता दें कि ये मूवी भी 14 सितंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। अब ऐसे में देखना ये होगा कि कौन सी फिल्म की स्टोरी दर्शकों को अपनी ओर ज्यादा आकर्षित करेगी।
Updated on:
10 Sep 2018, 2:58 PM IST
Published on:
10 Sep 2018, 12:27 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.