
Saif Ali Khan in WAVES: मुंबई में आयोजित 'WAVES 2025' समिट में अभिनेता सैफ अली खान ने शिरकत की। इस दौरान उन्होंने नेटफ्लिक्स के सह-सीईओ टेड सारंडोस के साथ बातचीत करते हुए अपनी फिल्मी पसंद और कहानी कहने की शैली पर चर्चा की।
सैफ अली खान ने बताया कि उन्हें ऐतिहासिक पृष्ठभूमि वाली फिल्में बेहद पसंद हैं। उन्होंने कहा, “मुझे ऐसी फिल्में पसंद हैं जो दूसरी संस्कृतियों को दर्शाती हों, जैसे जापानी सिनेमा। लेकिन अगर सबसे पसंदीदा कहानी की बात करूं, तो मेरे लिए 'महाभारत' सबसे महान कथा है। यह अब तक की सबसे प्रभावशाली महागाथाओं में से एक है।”
सैफ ने कहा कि वह महाभारत जैसी भव्य और युद्ध से भरपूर कहानियों को बड़े स्तर पर पर्दे पर देखना पसंद करेंगे। उनके अनुसार, इस तरह की कहानियां इतिहास को जीवंत कर देती हैं और दर्शकों को एक अलग ही अनुभव देती हैं।
सैफ अली खान ने अपनी बातचीत में यह भी कहा कि लंबी कहानियों को स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर दिखाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म लंबी कहानियों को प्रस्तुत करने का सबसे बेहतर माध्यम हैं।” इस बयान से स्पष्ट है कि सैफ ओटीटी के लिए गहराई और विस्तार वाली कहानियों को उपयुक्त मानते हैं।
सैफ अली खान जल्द ही साल 2016 की मलयालम सुपरहिट फिल्म 'ओपम' के हिंदी रीमेक में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म को प्रियदर्शन निर्देशित करेंगे। इस रीमेक में सैफ के साथ बॉबी देओल भी अहम भूमिका निभाएंगे। मूल फिल्म में खलनायक का किरदार निभाने वाले समुथिरकानी भी हिंदी वर्जन में महत्वपूर्ण रोल में दिखेंगे।
Updated on:
3 May 2025, 9:18 PM IST
Published on:
3 May 2025, 9:18 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.