
जब मृणाल ने शाहिद को मारा चांटा, एक्टर ने बताया - 'कान हो गया था सुन्न'
बीते शनिवार को 'द कपिल शर्मा शो' पर शाहिद कपूर और मृणाल ठाकुर को खूब मस्ती करते नजर आए। दोनों शो पर अपनी फिल्म 'जर्सी' के प्रमोशन के लिए आए थे। ऐसे में कपिल शर्मा ने फिल्म के ट्रेलर का जिक्र किया। जब कपिल ने शाहिद से पूछा कि फिल्म कबीर सिंह के बाद अब जर्सी में मृणाल से उन्हें थप्पड़ खाना पड़ गया है, तो इसपर शाहिद ने कहा कि मृणाल ठाकुर से थप्पड़ खाने के बाद उनका कान सुन्न हो गया था।
पहली बार ऑनस्क्रीन कपल के रूप में नजर आने वाले शाहिद और मृणाल की केमिस्ट्री को पर्दे पर देखने के लिए फैंस बहुत ही बेताब हैं। हालांकि, फिल्म के ट्रेलर से ही दोनों फैंस को इंप्रेस करने में सफल रहे हैं। मगर आपको बता दें, फिल्म को शूट करने के दौरान एक सीन ऐसा था, जिसे करने के लिए मृणाल सहज नहीं थीं और तब शाहिद ने उनका हौसला बढ़ाया।
ये फिल्म एक पिता की कहानी है, जो अपने बेटे को भारतीय टीम की जर्सी देने के लिए सालों बाद क्रिकट के मैदान में उतरता है और खुद को कुछ कर दिखाने का दूसरा मौका देता है। शाहिद कपूर फिल्म में अर्जुन का किरदार निभा रहे हैं और मृणाल उनकी आनस्क्रीन पत्नी बनी हैं। दोनों स्टार्स कपिल शर्मा के शो पर इस फिल्म का प्रमोशन करने के लिए पहुंचे।
शाहिद ने फिल्म में फिल्माए गए सीन के बारे में बताया कि - 'मृणाल पहले तो प्यार-प्यार से कर रही थी। इसने मुझे 2-3 थप्पड़ आराम से मारे। मुझे लगा कुछ नहीं होगा। फिर रिटेक लिया गया और चौथा थप्पड़ इसने मुझे जोर से मारा, उसकी आवाज हुई धाड़। मैं कह सकता हूं कि कुछ देर लिए मेरा कान सुन्न हो गया था। चंडीगढ़ की सर्दी में हमने इस सीन को फिल्माया था और अगर इतनी तेज आपको पड़े, तो दो दिन तक आपको पता चलता है।'
शाहिद की बात सुनकर मृणाल ठाकुर ने शाहिद उन्हें सॉरी कहा। मृणाल ने बताया कि वह शाहिद कपूर को चांटा मारने से हिचकिचा रही थीं। उन्होंने कहा कि शाहिद कपूर आपके सामने हों, तो आप कैसे उन्हें मार सकते हैं। साथ ही मृणाल ने एक टीवी सीरियल की शूटिंग का किस्सा भी सुनाया, जिससे उनका डर शुरू हुआ था।
मृणाल ने आगे कहा - 'एक सीरियल का सेट पास में ही था. वहां एक्ट्रेस को एक्टर को चांटा मारना था। लड़की ने इतनी जोर से चांटा मारा कि एक्टर को गुस्सा आ गया और उसने पलटकर एक्ट्रेस को थप्पड़ जड़ दिया। मैं इसे सुनकर काफी डरी हुई थी कि कहीं शाहिद को मारने में मुझे भी ना पड़ जाए।' मृणाल ठाकुर की ये बात सुनकर सभी हंसने लगे।
यह भी पढ़े - परिणीति चोपड़ा की इस साड़ी की कीमत जान चौंक जाएंगे आप
Published on:
26 Dec 2021, 4:14 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.