दरअसल, यह घटना बुलंदशहर जिले के शिकारपुर थाना क्षेत्र स्थित सूरजभान सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज की है। जानकारी के अनुसार, आंचरूकला निवासी रवि कुमार का 14 वर्षीय पुत्र टारजन सूरजभान सरस्वती विद्या मंदिर में 10वीं कक्षा का छात्र था। साल 2020 के अंतिम दिन टारजन भी अन्य छात्रों की तरह स्कूल पहुंचा था। स्कूल की कक्षा शुरू होने से पहले टारजन के एक सहपाठी (नौरंगाबाद निवासी) ने उससे एक कुर्सी उठाकर दूसरे स्थान पर रखने के लिए कहा। कुर्सी दूसरी तरफ रखने को लेकर दोनों के बीच नोक-झोंक शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी छात्र ने स्कूल बैग में रखी अपने चाचा की पिस्टल निकाल ली और टारजन को गोली मार दी। गोली लगते ही टारजन वहीं गिर गया। वहीं, गोली चलते ही क्लास में मौजूद अन्य छात्रों की चीख निकल गई।