
Bike Boat Scam: 42 हजार करोड़ के बाइक बोट घोटाले में अब बुलंदशहर जिले के नगर कोतवाली में कोर्ट के आदेश पर एक और मुकदमा दर्ज कराया गया है। आरोप है कि निदेशक संजय भाटी समेत चार लोगों ने निवेश करने पर मोटे मुनाफे का लालच देकर 12.42 लाख रुपये ठग लिए। इसके अलावा कई अन्य परिचित लोगों से भी ठगी की गई। नगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह है मामला
कोतवाली नगर में शांतिनगर भूड़ निवासी रविंद्र पाल सिंह पुत्र लाल सिंह ने बताया कि एक व्यक्ति ने उसे गर्वित इनोवेटिव प्रमोटर्स लिमिटेड के बारे में जानकारी दी थी, जिसके मुख्य निदेशक संजय भाटी, राजेंद्र भारद्वाज व विजय कासना आदि हैं। उसको बताया गया कि कंपनी में प्रति बाइक 62,100 रुपये निवेश करने पर उसे 12 माह तक प्रति माह 9,756 रुपये प्राप्त होते रहेंगे। इस पर उसने बुलंदशहर स्थित कंपनी के कार्यालय में जाकर तीन बार में कुल 12.42 लाख रुपये का निवेश किया। उसे कंपनी की तरफ से पहली किस्त 82,125 रुपये मिली, उसके बाद उसे कोई धनराशि प्राप्त नहीं हुई। बाद में पीडि़त को जानकारी मिली कि कंपनी द्वारा अन्य कई लोगों के साथ भी ठगी की गई है।
कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुई रिपोर्ट
पीड़ित ने बताया कि उसने एसएसपी को शिकायती पत्र दिया, किंतु कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके चलते उसे कोर्ट की शरण लेनी पड़ी। सीजेएम कोर्ट के आदेश में पर नगर कोतवाली पुलिस ने बाइक बोट ठगी के मुख्य आरोपी संजय भाटी के अलावा शिव कुमार निवासी मुरारी नगर खुर्जा, राजेंद्र भारद्वाज एवं विजय कासना के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इन सभी पर साठगांठ कर ठगी करने का आरोप लगाया गया है। कोर्ट के माध्यम से रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस भी सक्रिय हो गई है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
Published on:
25 Oct 2021, 12:39 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.