दरअसल, बुलंदशहर में तैनात एसएसपी एन कोलांची को शनिवार देर रात भ्रष्टाचार के आरोप में सस्पेंड कर दिया गया है। आरोप है कि एसएसपी बुलंदशहर लगातार थानों और चौकियों में पोस्टिंग के नाम पर अवैध वसूली कर रहे थे और 11 थाने में दो-दो बार एसओ को पोस्टिंग भी दी जा रही थी। उन्होंने सीओ गोपाल सिंह को दोबारा खुर्जा में तैनात किया था। इसके अलावा कई थानेदारों को 8 दिन में हटाकर पोस्टिंग की जा रही थी। जबकि जिले में हो रहे अपराध रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं और न ही बुलंदशहर पुलिस वारदातों का खुलासा कर पा रही है। ऐसे कई मामले हैं, जिनमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद संज्ञान लेते हुए एसएसपी एन कोलांची को जल्द खुलासे के आदेश दिए, लेकिन वह कई गंभीर वारदातों का खुलासा करने में नाकाम साबित हुए।