हापुड़. जहां भाजपा के तीन तलाक बिल का कांग्रेस ने सदन में जमकर विरोध किया था, वहीं कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने तीन तलाक बिल का समर्थन कर सबको चौंका दिया है। उन्होंने कहा है कि महिलाओं की आजादी जरूरी है। भारत जैसे आजाद देश में महिलाओं पर इतनी पाबंदी ठीक नहीं है। भाजपा ने इस पर बिल को लाकर अच्छा काम किया है। इस दौरान आजम खान के खिलाफ हो रही कार्रवाई पर कहा कि कानून अपना काम कर रहा है, अगर वह दोषी होंगे तो उन पर कार्रवाई होनी चाहिए। बता दें कि उक्त बाते उन्होंने हापुड़ जिले असौड़ा गांव में पूर्व प्रधान महावीर त्यागी की शोकसभा में कही। इस दौरान आचार्य प्रमोद कृष्णम के साथ योग गुरु बाबा रामदेव भी पहुंचे थे।