दरअसल, जिले के गांव धनौरा निवासी पूर्व प्रधान के पिता कालीचरण उर्फ भगतजी (80 वर्ष) करीब पांच वर्ष से कोतवाली के सामने सुरेन्द्र सोलंकी के मकान में बतौर किराए पर रह रहे थे। रोजाना की तरह बुधवार शाम करीब छह बजे कालीचरण दूध लेने के लिए कोतवाली के समीप स्थित गांव शेरपुर स्थित सलीमन के यहां पैदल जा रहे थे। जैसे ही वह राजू के मकान के सामने पहुंचे तभी बाइक सवार बदमाशों ने पिस्टल से ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर उनकी हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि कालीचरण को पीठ, बाजू और सिर में करीब सात गोलियां मारी गई हैं। करीब इतने ही राउंड हवाई फायरिंग भी हुई है। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मिथलेश उपाध्याय ने बताया कि हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।