
सरकारी मशीनरी का खुला दुरुपयोग, घर-घर बांट रहे बधाई की पाती
बूंदी. प्रदेश की सरकार ने चुनावी साल में गरीबों को रिझाने का काम शुरू कर दिया है। सरकार इसके लिए विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ ले रहे लोगों को चुनावी वर्ष में घर-घर बधाई संदेश भेज रही है। इसके लिए बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारियों को लगाया गया है। जो दफ्तरों में सारा कामकाज छोडकऱ सरकार के इन बधाई पत्रों को बांटने में जुटे हुए हैं। इन बधाई संदेशों को बांटने में सरकारी धन का खुलेआम दुरुपयोग किया जा रहा है।
राज्य सरकार ने जहांं अपने चार वर्ष के कार्यकाल में इन लोगों की कोई सुनवाई नहीं की उन्हें भी अब बधाई पत्र दिए जा रहे हैं। विभागीय अधिकारियों की माने तो वर्तमान सरकार वर्ष 2016-17, 2017-18 व 2018-19 में जिन लोगों ने सरकार की योजनाओं का लाभ लिया है, उनके घरों पर पत्र भेजकर शुभकामनाएं दे रहे हैं। सरकार ने इसके लिए अलग-अलग विभागों को जिम्मा सौंप दिया है।वे घर-घर पहुंचने लगे हैं।
लाभार्थियों को भेज रहे संदेश
पंचायतीराज विभाग ने तीन वर्ष में प्रधानमंत्री आवास योजनों में लाभ ले चुके जिले के करीब 18 हजार 695 लाभार्थियों को उनके ग्राम पंचायतों के माध्यम से पत्र भेज रही है। यहां जिला परिषद में प्रत्येक पंचायत समितिवार संदेश पहुंच चुके है। इसी प्रकार मनरेगा योजना में 1 हजार 790 लोगों को जिन्होंने अपना काम योजना सहित अन्य योजनाओं में व्यक्ति लाभ लिया हुआ है। इसी तरह कृषि विभाग की फार्मपोंड, जलहौज आदि अन्य योजनाओं में 3 हजार 471 लाभार्थियों व उद्यान विभाग की सौलर पम्प योजना, नेशनल राष्ट्रीय बागवानी मिशन, ग्रीन हाऊस सेट एवं बगीचे लगाने वाले में अनुदान का लाभ लेने वाले करीब 2 हजार लाभार्थियों को पत्र भेजने की तैयारी कर रहा है। चिकित्सा विभाग ने भी घर-घर वितरण शुरू कर दिया।
सरकारी मशीनरी जुटी, घर-घर पहुंचेगा पत्र
जिला मुख्यालय से पंचायत समितिवार संदेश वितरित कर दिए गए। अन्य विभागों के भी पहुंच गए हैं। ऐसे में लाभार्थियों के घर-घर शुभकामनाएं पहुंचाने की तैयारी हो गई। अलग-अगल विभागों की ओर से ग्रामीण परिवेश में पत्र पहुंचाए जा रहे हैं। इसके लिए सरकारी मशीनरी जुट गई है।बधाई संदेश पहुंचने के बाद संबंधित विकास अधिकारी, कर्मचारी या कृषि पर्यवेक्षक जिस लाभार्थी को पत्र देगा, उसके हस्ताक्षर कराएगा।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी बूंदी मुरलीधर प्रतिहार का कहना है कि सरकार की विभिन्न योजनाओं में व्यक्तिगत लाभ ले चुके लाभार्थियों को सरकार का बधाई संदेश पहुंचाया जा रहा है। कर्मचारी स्वयं लाभार्थी के घर-घर जाकर उनको संदेश दे रहे हैं। साथ ही उनके हस्ताक्षर करवा रहे हंै।
Published on:
20 Aug 2018, 11:39 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.