
करवर (बूंदी)। क्षेत्र के खजूरी पंचायत के फटूकड़ा गांव स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में मंगलवार को छत का प्लास्टर गिरने से पांच बच्चे घायल हो गए। बच्चों के सिर में चोट आई है। इनमें से तीन को सवाई माधोपुर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं।
जानकारी अनुसार मंगलवार सुबह स्कूल में प्रार्थना खत्म होने के बाद करीब साढ़े दस बजे कमरे में करीब 20 बच्चे पहुंचे। यहां अचानक छत का प्लास्टर बच्चों पर गिर गया। बच्चों के चिल्लाने पर शिक्षक कमरे में पहुंचे। उन्होंने बच्चों को बाहर निकाला।घायल बच्चों को लेकर शिक्षक व परिजन करवर चिकित्सालय पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने घायल बच्चों का उपचार किया। घायलों में कक्षा 5 का छात्र अमन मीणा (12), रामकेश बैरवा (12), कक्षा 3 का छात्र लवकुश बैरवा (8), छात्र शैतान बैरवा (8) तथा कक्षा 1 का छात्र प्रिंस मीणा (5) शामिल है।
यहां प्राथमिक उपचार के बाद रामकेश, लवकुश और अमन को सवाई माधोपुर रैफर किया। सभी बच्चे खतरे से बाहर है। बच्चों ओर शिक्षकों द्वारा ग्रामीणों को सूचना दी गई। उपचार के बाद चिकित्सकों ने घायल बच्चों को खतरे से बाहर होने की बात कही। इसके बाद ग्रामीण व परिजनों ने राहत की सांस ली। हादसे के बाद बच्चे डरे व सहमे हुए नजर आए।
आपदा प्रबन्धन एवं सहायता विभाग से क्षतिग्रस्त विद्यालयों में 2 लाख रुपए की राशि स्वीकृत हुई थी, जिसके तहत फटूकडा गांव के प्राथमिक विद्यालय में मरम्मत कार्य हुआ था। संवेदक ने सही मरम्मत कार्य नहीं किया गया, जिससे एक माह में ही छत का प्लास्टर गिर गया।
नैनवा प्रधान पदम नागर के निर्देश पर विकास अधिकारी ने हादसे की जांच के लिए टीम गठित की हैं, जिसमें अतिरिक्त विकास अधिकारी बाबू खां, अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अनिल गोयल, कनिष्ठ अभियंता ओम प्रकाश नागर, तकनीकी सहायक विमल नागर व रामराज मीणा शामिल है।
Updated on:
28 Jan 2025 06:11 pm
Published on:
28 Jan 2025 06:00 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
